
जमशेदपुर : बिरसा सेना की ओर से रविवार को विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर बिरसा सेना के बैनर तले आदिवासी समुदाय के लोग अपनी पारंपरिक वेश-भूषा में साकची गोलचक्कर पहुंचे. यहां उन्होंने जय बिरसा, जय आदिवासी आदि नारे लगाये. साथ ही साकची गोलचक्कर का नया नामकरण किया.
उन्होंने कहा कि आज से साकची गोलचक्कर बिरसा चौक के नाम से जाना जायेगा. उन्होंने कहा कि कंपनी ने इसका नाम साकची गोलचक्कर दिया है, जबकि झारखंड अदिवासियों का राज्य है. हमें खुशी है कि हम अपने राज्य में रह रहे हैं. कंपनी यहां कारोबार करने आयी है, कारोबार करे, लेकिन इस चौक का नाम आज से बिरसा चौक होगा. इस दौरान आदिवासी समुदाय के कई लोग उपस्थित थे.







