
धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड की रावताड़ा पंचायत के दूधपुशि-बेड़ाडीह गांव में इन दिनों जल संकट गहरा गया है. गांव के ग्रामीण पेयजल के लिए दिन रात जूझ रहे हैं. गांव की महिला दुलारी टुडू, सालगे सोरेन, गुरुवारी मुर्मू, डोमनी मांडी, पानमुनी सोरेन, पूर्णिमा सोरेन ने बताया कि गांव में 50 परिवार के समक्ष पेय जल संकट गहरा गया है. कहा कि गांव में 5 चापाकल है सभी महीनों से ठप पड़ा हुआ है, गांव में एक मात्र सरकारी कुआं है वह भी सूख गया है. महिलाओं ने कहा कि गांव की महिलायें रोजाना देढ़ किमी दूर जुरीउल डैम पैदल चलकर जाती हैं और डैम के किनारे चुआं खोदकर पीने के लिए पानी लाती हैं. महिलाओं ने कहा कि डैम से पानी लाने के बाद ही घरों में भोजन बनता है, डैम के पानी पीते हैं और उसी पानी से खाना बनाते हैं. महिलाओं ने कहा कि वे सभी कई बार विधायक, पंचायत के मुखिया और पदाधिकारी से गांव में ठप पड़े चापाकल की मरम्मत कराने की मांग की है, परंतु अब तक किसी ने भी पहल नहीं किया है. गांव में चापाकल के मरम्मत नहीं होने से महिलाओं में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारीयों के खिलाफ रोष व्याप्त है. महिलाओं ने कहा कि एक बार गांव के ठप चापाकल का मरम्मत किया गया था, परंतु दूसरे दिन ही पुन: खराब हो गया. महिलाओं ने कहा कि दूधपुशी-बेड़ाडीह गांव पहाड़ और जंगल से घिरा हुआ है, जिस कारण कोई गांव आता नहीं है जिस कारण गांव के ग्रामीणों को उपेक्षा का दंश झेलना पड़ता है.

दूधपुशी-बेड़ाडीह में जल्द बनेगा सोलर डीप बोरिंग विधायक : इस संबंध में गांव पहुंचे घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन को गांव की महिलाओं ने पेय जल संकट की समस्या से अवगत कराकर जल्द समाधान करने की मांग की. लोगों की समस्या से अवगत होकर विधायक रामदास सोरेन ने ग्रामीणों के समक्ष घोषणा की है कि वे दूधपुशी-बेड़ाडीह गांव में सोलर जल बोरिंग निर्माण कराने की अनुशंसा करेंगे. उन्होंने कहा कि जल्द ही गांव में सोलर जल बोरिंग का निर्माण होगा और लोगों को पेयजल समस्या से निजात मिलेगा. श्री सोरेन ने कहा कि वे अपने विस क्षेत्र के पहाड़ी क्षेत्र के गांव जहां भी पानी की समस्या है वहां वे अगले एक माह में प्राथमिकता के आधार पर एक एक चापाकल लगाने की पहल करेंगे.
दूधपुशी गांव में महिला समूह का गठन करें, पत्तल बनाने की मशीन देंगे विधायक : मौके पर विधायक रामदास सोरेन ने दूधपुशी गांव की महिलाओं को कहा कि गांव में महिला समूह का गठन करें, महिला समूह को वे अपने फंड से महिलाओं को पत्तल बनाने की मशीन उपलब्ध करायेंगे. विधायक ने कहा कि दूधपुशी गांव पहाड़ों से घिरा है, साल पेड़ से महिला पता तोड़कर पत्तल निर्माण कर आत्मनिर्भर बने. उन्होंने कहा कि गांव में रोजगार की काफी संसाधन है, महिलायें आगे आये वे हरसंभव सहयोग करेंगे. मौके पर कान्हु सामंत, विक्रम बेसरा,अर्जुन चन्द्र हांसदा, मानसिंह टुडू, सुबोध मुर्मू समेत अन्य उपस्थित थे.


















