झाड़ग्राम : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के तहत गुरुवार को पहले चरण का मतदान जारी है. मतदान को लेकर कई स्थानों से तनाव और छिटफुट हिंसा की खबरें भी आ रही हैं. लेकिन इसी बीच झाड़ग्राम में एक मतदान केंद्र पर ‘रामलाल’ आ धमका. उसके अचानक सामने आ धमकने से मतदान की लाइन में लगे लोग एक बार तो सकते में आ गए, हालांकि वहां तैनात अधिकारियों ने समय रहते उसे दूसरी ओर मोड़ दिया, जिससे लाइन में लगे मतदाताओं ने राहत की सांस ली. (नीचे भी पढ़ें)
‘रामलाल’ वास्तव में झाड़ग्राम के जंगलमहल में भटकने वाले एक हाथी का नाम है, जो आज जंगलों में भटकते हुए जंगलमहल के घने जंगलों के बीच स्थित जीतुशोल प्राइमरी स्कूल मतदान केंद्र तक पहुंच गया. सुबह-सुबह हुए इस वाकये के समय मतदान कर्मी अपनी व्यवस्था में जुटे हुए थे और मतदाता एक-एक कर लाइन में लग रहे थे. हाथी के अचानक पहुंचने से अनायास ही सभी का ध्यान उसकी ओर चला गया और लोगों में खलबली मच गई और वहां मतदान का काम रुक सा गया. हालांकि इसी बीच वहां पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने हाथी को दूसरी ओर मोड़ दिया जिससे मतदाताओं की लाइन से थोड़ी दूर से होते हुए हाथी वापस जंगल की ओर चला गया. इसके बाद दोबारा मतदान की प्रक्रिया आरंभ हुई. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों ने बताया कि रामलाल इस क्षेत्र के लोगों के लिए अनजाना नहीं है. झाड़ग्राम के अलावा पश्चिमी मिदनापुर और बांकुड़ा के साथ ही पड़ोसी झारखंड एवं ओड़िशा के लोग भी इस एकाकी हाथी को धान, फल एवं सब्जियां खिलाकर स्वागत करते हैं. बहरहाल हाथी के चले जाने के बाद दोबारा शुरू हुई मतदान की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है.














