रामगोपाल जेना / चाईबासा : भाजपा जिला कार्यालय चाईबासा में पार्टी की ओर से प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. इसमें पार्टी जिलाध्यक्ष सतीश पुरी और सरायकेला-खरसावां जिला संगठन प्रभारी जेबी तुबिद ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन ने लोकलुभावन वादे के साथ सरकार बनाई, परंतु लगभग 3 वर्ष पूर्ण होने के बाद भी यह हर क्षेत्र में विफल रही है. सभी वादे लोकलुभावन ही बनकर रह गए और झारखंड प्रदेश की जनता अपने आप को ठगा महसूस कर रही है. जब से झारखंड में हेमंत सरकार का गठन हुआ है, पूरे प्रदेश में हर तरफ लूट-खसोट, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, हत्या, महिलाओं के साथ बलात्कार व अत्याचार और उग्रवाद में वृद्धि एवं बेरोजगारी में दिन-प्रतिदिन वृद्धि ही हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि उक्त स्थिति को देखते हुए जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाते हुए भारतीय जनता पार्टी सभी प्रखंडों एवं जिले में आक्रोश-प्रदर्शन के रूप में धरना एवं घेराव करेगी. इसे लेकर आगामी 7 नवंबरसे 13 नवंबर तक सभी प्रखंडों में धरना, विरोध-प्रदर्शन एवं आक्रोश रैली निकाली जानी है. इसके तहत 7 नवंबर को नवामुंडी, बंदगांव, 9 नवंबर को तांतनगर, सोनुवा ,चक्रधरपुर, 10 नवंबर को खुंटपानी, मंझगांव,गोइलकेरा, हाटगम्हरिया, 11 नवंबर को सदर चाईबासा, जगन्नाथपुर, मंझारी तथा 12 नवंबर को कुमारडुंगी, झींकपानी प्रखंड में कार्यक्रम तय किया गया है. प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश पुरी , सरायकेला-खरसावां के संगठन प्रभारी जेबी तुबिद, पूर्व विधायक पुतकर हेंब्रम, पूर्व विधायक शशि सामड, पूर्व प्रत्याशी मनोज लेयांगी, बबलू शर्मा, विप्लव सिंह, आनंद शयनम व अन्य उपस्थित थे.



