रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने चक्रधरपुर अंजुमन इस्लामिया के होने जा रहे चुनाव का समर्थन करते हुए कहा है कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव होने से संगठन मजबूत होगा एवं मुस्लिम समाज में एकजुटता आयेगी. श्री उरांव ने शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हर समाज का संगठित होना जरूरी है. मुस्लिम समाज अब तक नेतृत्वविहीन था, अब समाज का सही मार्गदर्शन हो सकेगा.
अंजुमन चुनाव को लेकर उन्होंने मतदाताओं से ऐसे लोगों को चुन कर लाने का आग्रह किया, जो विकास को गति दें, समाज का सही नेतृत्व करें साथ ही सौहार्द एवं भाईचारगी को बढ़ावा दें. उन्होंने संगठन में ऐसे लोगों को स्थान देने का आग्रह किया जो सभी जाति-धर्म के लोगों को साथ लेकर चलें. उनकी प्राथमिकता मुसलिम समाज हो, किन्तु पूरे शहर को जोड़ कर रखने का प्रयास करें.
उन्होंने कहा कि वे चुनाव के बाद संगठन के नये नेताओं के साथ बेठक कर समाज-हित में जो भी निर्णय होगा, उस पर काम करेंगे. उन्होंने अंजुमन इस्लामिया की अनुशंसा पर वर्ष 2024 में विधायक निधि से 50 से 70 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए कहा कि उक्त राशि से मुस्लिम समाज के विकास के लिए काम किया जाएगा. उन्होंने इसके अलावा अंजुमन की अनुशंसा के साथ आने वाले सभी कार्यों को प्राथमिकता देने की बात भी कही. उन्होंने अंजुमन के किसी खास प्रत्याशी का समर्थन नहीं करते हुए संगठन के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे मतदान में हिस्सा लेकर संगठन को मजबूत जरूर करें.



