रामगोपाल जेना,चाईबासा: झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर शनिवार को जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन में किया गया.इस बैठक में बताया गया कि मैट्रिक परीक्षा के लिए 53 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 15,494 परीक्षार्थी शामिल होंगे. वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें आर्ट्स 7,766, साइंस 1,168 एवं कॉमर्स 1,306 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे.(नीचे भी पढ़े)

उपायुक्त ने कहा कि बोर्ड परीक्षा अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसे जैक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ संपन्न कराया जाएगा. सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रश्नपत्रों की पूर्ण गोपनीयता, तथा स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षक एवं संबंधित पदाधिकारियों द्वारा समन्वय के साथ कर्तव्य निर्वहन सुनिश्चित किया जाएगा. किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या गोपनीयता भंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि अनावश्यक रूप से किसी भी परीक्षार्थी को परेशान न किया जाए..(नीचे भी पढ़े)

उप विकास आयुक्त ने कहा कि पूर्व वर्षों की समीक्षा के आधार पर इस वर्ष परीक्षा को और अधिक बेहतर, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाएगा. जिला प्रशासन हर स्तर पर सहयोग देगा और आवश्यकता पड़ने पर सभी पदाधिकारी तत्पर रहेंगे.बैठक में सुशांत प्रधान एवं मनोज राउत द्वारा सभी केंद्र अधीक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं दंडाधिकारियों को जैक की निर्देशिका के अनुरूप परीक्षा संचालन से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए. अंत में आपसी समन्वय, सहयोग और जिम्मेदारी के साथ परीक्षा के सफल संचालन की अपील करते हुए बैठक का समापन किया गया..(नीचे भी पढ़े)
इस अवसर पर अपर उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर चाईबासा, जगन्नाथपुर, चक्रधरपुर), एसडीपीओ सदर चाईबासा, जिला शिक्षा अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम, सभी केंद्र अधीक्षक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं जिले के सभी थाना प्रभारी सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.



