जमशेदपुर : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले में बैंक ऑफ इंडिया की गुवा शाखा में एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है. इस मामले में बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक सुदीप सिंकू के खिलाफ करोड़ों रुपये के गबन का आरोप साबित होने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. वर्तमान शाखा प्रबंधक नीलेश कुमार की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
गुआ थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने शनिवार को बताया कि इस घोटाले का खुलासा बैंक की जमशेदपुर की कदमा शाखा के वरीय प्रबंधक विश्वजीत कुमार द्वारा की गई विशेष लेखा परीक्षा की रिपोर्ट में हुआ है. रिपोर्ट में पाया गया है कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) के खाते से फर्जीवाड़ा कर दो करोड़ रुपये से अधिक का गबन किया गया है. उक्त राशि सेल के खाते से निकाली गई थी. जांच में पता चला कि 1 जुलाई 2021 को तत्कालीन गुवा शाखा प्रबंधक सुदीप सिंकू ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के खाते से बिना किसी आदेश के 2 करोड़ 14 लाख 81 हजार 192 रुपये की राशि का अवैध रूप से पे ऑर्डर से भुगतान किया था और उक्त पूरी राशि अपने नियंत्रण में ले ली थी. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप यह भी है कि 16 जनवरी 2023 को सुदीप सिंकू ने सेल की अनुमति के बिना धोखाधड़ी करके इस रकम को अन्नू देवी, मनोज निषाद, पुनामी बोदरा और कन्हैया कुमार साव जैसे लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दिया और बाद में इन खातों से पैसे निकाल लिए गए. फिलहाल, पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है और मामले की गहनता से जांच कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पूर्व शाखा प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है.













