रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : स्थानीय रेलवे हाई स्कूल मैदान में आगामी 30 जुलाई से फन वर्ल्ड डिज्नीलैंड प्रारंभ होगा. इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं. फन वर्ल्ड डिजनीलैंड के संयोजक चन्द्रशेखर पर्वत ने शुक्रवार को पत्रकारों को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि फन वर्ल्ड डिज्नीलैंड का आयोजन अब तक बड़े शहरों में होता आया है. इस वर्ष पहली बार चक्रधरपुर जैसे छोटे शहर में फन वर्ल्ड डिज्नीलैंड लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि डिज्नीलैंड में भारत के हर प्रांत के परिधान, हैंडीक्राफ्ट के सामान उपलब्ध रहेंगे. इनमें खास कर राजस्थान, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, कश्मीर, पंजाब, मैसूर, हरियाणा समेत अन्य राज्यों के प्रमुख उत्पाद जैसे हैंडलूम के ड्रेस मटीरियल, जूट के सामान, जूते-चप्पल, लकड़ी के बने सामान, अगरबत्ती, क्रॉकरी, अचार, कांच की चूड़ियां आदि ढेरों सामान एक ही जगह पर मिलेंगे.

यहां लगभग 40 से 45 स्टॉल लगाये जाएंगे. डिज्नीलैंड में लोग घूमने तथा खरीदारी करने के साथ-साथ जायकेदार नाश्ते एवं भोजन का लुत्फ भी उठा पायेंगे. उन्होंने बताया कि फन वर्ल्ड डिज्नीलैंड में तरह-तरह के झूले भी लगाये जा रहे हैं. इसमें खासकर ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस झूला, टोरा-टोरा झूला, बिजली झूला, नाव झूला समेत अन्य झूले लगाये जा रहे हैं. खासकर बच्चों के लिए कई प्रकार के नये झूले लगाये जा रहे हैं. बच्चे इस फन वर्ल्ड का भरपूर लुत्फ उठा सकेंगे. उन्होंने कहा कि फन वर्ल्ड डिज्नीलैंड एक ऐसा समूह है जो बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराता है. संयोजक चन्द्रशेखर पर्वत ने बताया कि 30 जुलाई शाम सवा छह बजे पोड़ाहाट अनुमंडल पदाधिकारी रीना हांसदा फनवर्ल्ड का उद्घाटन करेंगी. इस अवसर पर अनुमंडल के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे.



