
रामगोपाल जेना / चाईबासा : मुफस्सिल थाना अंर्तगत पुराना चाईबासा स्थित हवाई अड्डा के पास एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को तीसरे दिन रविवार को सफलता मिली. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. इसमें कुछ नाबालिग भी हैं. सूत्रों के अनुसार ग्रामीणों ने कुछ युवकों को चिन्हित कर पुलिस को सौंप दिया है. ग्रामीणों के समक्ष युवकों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है. अन्य युवकों की खोजबीन चल रही है. शनिवार को चाईबासा पुलिस ने मुडियोदोल, सुंडीसाई व कुंडीबेरा के तीन युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ की. इनमें से कुछ युवकों को छोड़ दिया गया है. गिरफ्तार युवकों को पूछताछ के लिये पांड्राशाली लाया गया था. मालूम हो कि 20 अक्टूबर को चाईबासा के हवाई अड्डा के पास अज्ञात युवकों ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था. इसको लेकर मुफफ्सिल थाना में एक मामला दर्ज किया गया है. युवती के बयान पर 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है.




