
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई टाटा स्टील यूआईएसएल की अधिकृत यूनियन जुस्को श्रमिक यूनियन के चल रहे चुनाव के दौरान रविवार को जोरदार हंगामा हुआ. यूनियन के विपक्ष के नेता गोपाल जयसवाल, गोविंद झा समेत अन्य लोगों ने यूनियन कार्यालय के सामने धरना दिया. लोगों का आरोप है कि चुनाव पदाधिकारी सीएस झा ने सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक ही फॉर्म मिलने की जानकारी पहले साझा नहीं की. जब वे लोग फॉर्म लेने पहुंचे तो वहां कह दिया गया था कि फॉर्म बिक चुका है और समय बीत चूका है. जबकि समय या फॉर्म को लेकर पहले जानकारी नहीं दी गई थी. नियमत इसकी सूचना पहले देनी चाहिए थी लेकिन यह जानकारी नहीं दी गई. काफी देर तक यूनियन के गेट पर हंगामा होता रहा. लोगों का आरोप है कि आनन-फानन में चुनाव कराकर रघुनाथ पांडेय खुद सत्ता पर फिर से काबिज होना चाहते हैं. आपको बता दें कि झारखंड हाईकोर्ट में विपक्ष के नेता गोपाल जायसवाल की याचिका खारिज कर दी थी. इसके बाद से रघुनाथ पांडेय और उनकी टीम चुनाव कराने की कार्रवाई फिर से शुरू कर दी है. वर्ष 2020 से ही यहां का चुनाव लटका हुआ है. इस कारण कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन समेत अन्य समझौता भी फंसा हुआ है. फिलहाल जुस्को श्रमिक यूनियन का मामला गरमाया हुआ है. यूनियन में विपक्ष के नेता लगातार हंगामा कर रहे हैं.






