रामगोपाल जेना/चाईबासा : झामुमो युवा मोर्चा ने टाटा कॉलेज मैदान में डीएमएफटी फंड से हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की है. मोर्चा ने इस संबंध में उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा है. मोर्चा की ओर से सौंपे गये मांग पत्र में टाटा कॉलेज चाईबासा के मैदान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा गया है कि इस खेल मैदान में सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी सुबह-शाम खेलते हैं, एथलेटिक्स की तैयारी करते हैं एवं सेना में बहाली के लिए तैयारी करते हैं. इसी मैदान में तैयारी कर कई विद्यार्थी एथलेटिक्स में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. इतना ही नहीं, इस मैदान पर कई सरकारी एवं प्रशासनिक कार्यक्रम भी आयोजित होते रहे हैं. मांगपत्र में कहा गया है कि कैंपस में अंधेरा रहने की वजह से कभी-कभी असामाजिक तत्वों द्वारा मैदान में शराब का सेवन व अड्डाबाजी भी होती है और कई बार असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी की घटनाओं को भी अजाम दिया जा चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
इस मौके पर झामुमो जिला छात्र मोर्चा अध्यक्ष सनातन पिंगुवा एवं सचिव मंजित हांसदा ने कहा ऐतिहासिक टाटा कॉलेज परिसर स्थित इस मैदान में सुबह-शाम अंधेरा छा जाने के कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियाँ बढ़ रही हैं, जिससे छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता है. इसके मद्देनजर भी मैदान में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था जरूरी है. इसके आलोक में मांग पत्र में मैदान में उचित प्रकाश की व्यवस्था कराने की मांग की गई है. इस मौके पर छात्र मोर्चा के जिलाध्यक्ष सनातन पिंगुआ, टाटा कॉलेज पूर्व छात्र संघ सचिव पिपुन बारिक़, अनुज पुर्ती, किशोर पोद्दार आदि मौजूद थे.














