रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह सामड के नेतृत्व में कुचारुग की जनता ने अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी को मूलभूत सुविधा मुहैया कराने को लेकर मांग पत्र सौंपा. सौंपे गए मांग पत्र में श्री सामड ने कहा कि चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के बंदगांव प्रखंड अंतर्गत भालूपानी पंचायत के ग्राम डोमरा टोला कुचारुंग हमारे टोला पहाड़ के ऊपर स्थित है, और शत-प्रतिशत आदिवासी अनुसूचित जनजाति के लोग ही रहते हैं. अफसोस इस बात कि है आजादी के 78 वां वर्ष एवं राज्य गठन हो कर 25 वर्ष होने के बाद भी हमारे प्रखंड अधिकारियों की लापरवाही के कारण निम्न मूलभूत सुविधा से हमें वंचित किया है. आंगनबाड़ी, विद्यालय, स्वास्थ्य, पंचायत कार्यालय एवं प्रखंड कार्यालय जाने के लिए पकढंड्डी रास्ते के अलावा कोई विकल्प नहीं है। खटिया में मरीज को ढो कर पहाड़ के नीचे उतरते हैं कभी कभी उतरते-उतरते आधे रास्ते में ही कई मरीज दम तोड़ देते हैं ऐसा हमेशा होता आया है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने तालाब, कुआं एवं पेयजल की कोई सुविधा नहीं है. पूरे टोले के निवासी वर्षा हो, गर्मी हो, चुंआ का पानी पीने पर मजबूर हैं. पेयजल की सुविधा के साथ साथ तालाब, चेक डैम का निर्माण कराया जाय. वर्षो पहले विद्यालय का चिंगिदा विद्यालय में विलय कर दिया गया, इससे विधार्थियो को पहाड़ की पगडंडी से होकर चार-पांच किलोमीटर दूरी तय कर स्कूल जाना पड़ता है. इसके आलोक में उन्होंने बंद स्कूल पुनः चालू कराने की मांग भी की. इसके अलावा गांव में आंगनवाड़ी केन्द्र शुरू करने एवं गांव में बिजली की व्यवस्था तुरत करने की मांग भी की गई. तत्काल सौर उर्जा प्रोजेक्ट के तहत सभी को सोलर लाइटें उपलब्ध कराने की मांग की गई. इसके अलावा ग्रामीणओं के लिए रोजगार सृजित करने की मांग भी की गई. अंत में ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी से कुचारुग टोला का निरीक्षण कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को धरातल पर कार्य कराने का निर्देश देने का आग्रह किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने सभी बिंदुओं को ध्यान पूर्वक पढ़ कर जल्द ही प्रखंड के अधिकारियों को धरातल पर भेजने का आश्वासन दिया. ज्ञापन की प्रति उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी सौंपने का निर्णय लिया गया. मौके पर प्रखंड महासचिव भोलेनाथ बोदरा, पूर्ण चंद्र गंजू, ग्रामीण मुंडा दुर्गा मुंडा, रांसी मुंडा, सुधन पुर्ती, रामाय पुर्ती, रसवल मुंडा, बासु पुर्ती, मंदरू पुर्ती,कैरा मुंडा, हिन्दू मुंडा,चाड़ा मुंडा,चमरा मुंडा,राम मुंडा, लेंगा पुर्ती, सुखराम मुंडा, चट्टान मुंडा, चमरा मुंडा आदि मौजूद थे.











