
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के घोर नक्सल प्रभावित टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी पहाड़ी में सड़क निर्माण कार्य में लगे वाहनों को नक्सलियों द्वारा जला दिए जाने की घटना के बाद दूसरे दिन एसपी अजय लिंडा और अभियान के अपर पुलिस अधीक्षक दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया। इस बीच वहां के कैंप के जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। पैदल मार्च करते हुए एसपी घटनास्थल पर पहुंचे थे। एसपी के साथ चक्रधरपुर के थानेदार के अलावा जिला और सैट, जैप के जवान भी थे। घटना पर एसपी अजय लिंडा ने कहा कि लांजी गांव में सड़क बनने से यहां के लोगों को आसानी होती। उन्हें सड़क के अभाव में आज भी खाट पर किसी मरीज को लेकर जाना पड़ता है। ऐसे में कई लोग रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। वाहनों को फूंकना नक्सलियों की बौखलाहट है। पिछले दिनों नक्सलियों के विरुद्ध लगातार ऑपरेशन किया गया, जिससे उन्हें लांजी से भागना पड़ा था। यह घटना नक्सलियों के सिद्धांत और उनकी मंशा को साफ दर्शाता है कि ये विकास विरोधी हैं तथा ग्रामीण जनता को खुशहाल नहीं देखना चाहते हैं।















