
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुख्यालय स्थित पाताहातु में संचालित कौशल विकास केंद्र में प्रशिक्षणरत युवक-युवतियों ने सोमवार को जिला समाहरणालय में उपायुक्त अरवा राजकमल एवं उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात की। वर्तमान समय में कुल 60 युवक-युवतियों को केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में रोजगार का अवसर उपलब्ध करवाने हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के सौजन्य से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के द्वारा कौशल विकास केंद्र का संचालन किया जा रहा है। समाहरणालय में नवयुवकों से मुलाकात के क्रम में उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त के द्वारा सभी को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई। सभी नवयुवकों में से 11 नौकरी के प्रशिक्षण के लिए रांची स्थित संगम वर्कशॉप व आलिया ऑटोमोबाइल तथा 18 नवयुवक प्रशिक्षण के लिए जमशेदपुर स्थित महिंद्रा, टाटा मोटर्स एवं ऑटोमोटिव कार केयर में जाएंगे। वहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के द्वारा इन सभी नवयुवकों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। ज्ञात रहे कि जिला प्रशासन एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के बीच हुए एम.ओ.यु में फाउंडेशन के द्वारा शत प्रतिशत रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए करार किया गया है। नौकरी के प्रशिक्षण हेतु जाने वाले यह सभी नवयुवक प्रथम बैच में अध्ययनरत हैं।







