
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत राजीव पथ में 15 जनवरी को सुमन रक्षित हत्याकांड मामले में पुलिस ने सुमन के साथी रिशु श्रीवास्तव और राहुल दुबे को गिरफ्तार किया। सोमवार को एसएसपी अनूप बिरथरे ने खुलासा करते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि क्रिकेट मैच के सट्टेबाजी एवं रुपए के लेनदेन के क्रम में घटना को अंजाम दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि रिशु श्रीवास्तव और राहुल दुबे ने मृतक से सट्टे में तीन लाख रुपए जीते थे। रुपए मांगने पर सुमन आना कानी करता था। रुपए नहीं लौटाने पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों को मुंबई के लोकमान तिलक टर्मिनल स्टेशन से गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर एक 9 एमएम पिस्टल की पिस्टल, 9एमएम की दो जिंदा गोली, हत्या में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल जब किया है। रिशु श्रीवास्तव साल 2016 में आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है।सोमवार को पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद मुंबई हो गए थे फरार
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि सुमन सट्टे में अब तक तीन लाख रुपए हार गया था इसीलिए उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों ने रिशु की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को एमजीएम थाना अंतर्गत पुष्पांजलि अपार्टमेंट में खड़ा कर दिया यहां से दोनों दूसरी बाइक से सड़क के रास्ते रांची चले गए।रांची रेलवे स्टेशन में दोनों ने पार्किंग में बाइक लगाई और मुंबई की ट्रेन पकड़ लोकमान्य तिलक स्टेशन पहुंच गए। यहां पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। रिशु ने बताया कि वे लोग जब भी सट्टे में पैसे हारते थे तो उसे सुमन को वापस करते थे लेकिन पिछले तीन-चार महीनों में सुमन ने लगभग तीन लाख रुपए हारे। जब भी दोनों पैसे की मांग करते थे तो वह देने में आनाकानी करता था।
मोबाइल ट्रैक कर पहले ही एलटीटी स्टेशन पहुंची पुलिस
पुलिस ने पहले ही मामले का खुलासा कर लिया था। जिसके बाद पुलिस रिशु श्रीवास्तव के फोन को ट्रैक कर रही थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि दोनों मुंबई की ओर रवाना हुए है, इसलिए पुलिस पहले से ही रांची से मुंबई फ्लाइट पकड़कर लोकमान्य तिलक टर्मिनल में पहुंच गई। यहां पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक पटमदा विजय कुमार महतो कर रहे थे। टीम में परिक्ष्यमान सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियरी, आजाद नगर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद रावत, एमजीएम थाना प्रभारी अरविंद कुमार, उलीडीह थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार, विरसानगर नगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा, उलीडीह थाना के पंकज कुमार सिंह, राम लखन यादव सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।





