रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय में ‘विद्याप्रवेश’ कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा एक में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत हर्षोल्लास के साथ किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सवमय माहौल बना रहा. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के मुख्य द्वार पर नवप्रवेशित बच्चों एवं उनके अभिभावकों के तिलक एवं पुष्प वर्षा से स्वागत के साथ हुई. इसके पश्चात बच्चों को मंच पर आमंत्रित कर उन्हें पुरस्कार, आकर्षक मुकुट एवं विद्याप्रवेश कार्यपुस्तिका प्रदान किए गए. नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं ने मधुर स्वर में स्वागत गीत प्रस्तुत किया, वहीं अन्य विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य विश्वनाथ हांसदा ने अपने संबोधन में अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा के लिए पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय चक्रधरपुर पर विश्वास जताया है. उन्होंने ‘विद्याप्रवेश’ कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी साझा की. वहीं प्राथमिक खंड के प्रभारी प्रधानाध्यापक कामरान अहमद खान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव होती है, और विद्यालय इस दिशा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के दूसरे चरण में कक्षा एक के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान अभिभावकों को पाठ्यचर्या, कार्ययोजना, समय-सारणी एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया. समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली.















