चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ रही मोबाइल चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टुटी ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर चोरी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक, चाईबासा को सूचना मिली थी कि तीन युवक बुलेट बाइक पर सवार होकर ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात घरों में घुसकर मोबाइल फोन चोरी करते हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने एक विशेष छापामारी दल का गठन किया और कार्रवाई शुरू की. (नीचे भी पढे़ं)
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से चोरी के सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को स्थानीय स्तर पर कम कीमत में बेच देते थे. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जिले में इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके.














