
जमशेदपुरः पश्चिमी सिंहभूम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने नक्सली संगठन पीएलएफआई के एरिया कमांडर सुमन सिंह गंझू उर्फ सुमन सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सगठन के अन्य सात सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है. इनकी निशानदेही में हथियार समेत नक्सली पर्चा भी बरामद किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनुआ थाना क्षेत्र के पनसुआ डैम के आस पास के जंगलों में पीएलएफआई संगठन की गतिविधि देखी गई है.
सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ के निर्देश पर चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने मिलकर संयुक्त अभियान चलाया और संगठन के एरिया कमांडर सुमन सिंह को गिरफ्तार किया. सुमन सिंह के अलावा संगठन के सदस्य रमाय बोयपाई, देवा सिंह उर्फ चेपो, दशरथ सिंह, गुरुचरण खंडाईत उर्फ बेला को गिरफ्तार किया गया. इधर टेबो थाना क्षेत्र के बोबोंगा के जंगलों में भी छापेमारी कर लखन बोदरा उर्फ पोचो, मंगल सिंह ओडेया और सनिका पूर्ति को गिरफ्तार किया गया. सुमन सिंह के खिलाफ चाईबासा के थानों में हत्या और मारपीट के कई मामले दर्ज है. वहीं लखन बोदरा उर्फ पोचो का भी अपराधिक इतिहास रहा है.
ये सामान हुआ जब्तः दो देसी कट्टा, एक दो नाली बंदूक, 8 एमएम का सात गोली, 12 बोर का तीन कारतूस, वर्दी, पांच मोबाइल, सात सिम कार्ड और लेवी मांगने के लिए पर्चा शामिल है.
















