
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित मोहरदा पेयजल आपूर्ति परियोजना को सुदृढ़ीकरण करने और इसके परिचालन में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने जमशेदपुर अक्षेस, जुस्को एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के स्थानीय अधिकारियों की एक बैठक आगामी 26 जून को आहूत की है. यह बैठक जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय द्वारा नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव को एक पत्र के माध्यम से दिनांक 14.06.2021 को दिये गये सुझाव के आधार पर आयोजित की जा रही है. श्री राय ने अपने पत्र में नगर विकास विभाग के सचिव को मोहरदा पेयजल आपूर्ति परियोजना के बारे में आरंभ से आ रही खामियों के बारे में बताया था. इस बीच जुस्को के सक्षम पदाधिकारियों ने दिनांक 15 जून, 2021 को एक पत्र भेजा है जिसमें कहा गया है कि मोहरदा पेयजल परियोजना में आ रही बाधाओं को दूर के साथ जलापूर्ति की मात्रा एवं गुणवत्ता में सुधार करने के लिए आवश्यक है कि जिन तीन बिंदुओं को वे उठा रहे हैं उनपर त्वरित समाधान किया जाये. जुस्को ने कहा है कि परियोजना का इंटेकवेल ऐसी जगह पर बना हुआ है जहां नदी के पानी के साथ आ रहे कूड़े-कचड़ों एवं प्लास्टिक के कारण इंटेकवेल में लगा हुआ पंप जाम हो जा रहा है. इसको दूर करने के सारे प्रयत्न उस समय बेकार हो जा रहे हैं जब नदी का जलस्तर बढ़ने लगता है. उनका कहना है कि परियोजना में जो पाइप लाइन बिछायी गयी हैं वे जनता की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपर्याप्त हैं. जो पानी टंकियां बनायी गयी हैं, उसमें पर्याप्त दबाव नहीं बन पा रहा है और लाभुकों को पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तायुक्त पानी नहीं मिल पा रहा हैं. .इसके अतिरिक्त शुरूआती दौर से ही अवैध कनेक्शन की भारमार है, जिससे परियोजना के परिचालन में कठिनाई आ रही है. इसके अतिरिक्त बाढ़ के समय में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के सटे हुए नदी के किनारे पर कटाव हो रहा है जो परियोजना के लिए खतरा बन रहा है. किसी भी समय वाटर ट्रीटमेंट प्लांट ध्वस्त हो सकता है. राय ने आशा व्यक्त किया है कि 26 जून, 2021 को नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव द्वारा बुलायी गयी बैठक फलदायी होगी और इससे सार्थक निष्कर्ष निकलेगा. उन्होंने सचिव से आग्रह किया है कि बैठक में 1 जून, 2017 को जुस्को, जमशेदपुर अक्षेस और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौता के आलोक में आगे की कारवाई की जाये, साथ ही 2008 में जब यह परियोजना पूरा हुआ घोषित की गयी उस समय इसमें रह गयी तकनीकी, यांत्रिक एवं भौतिक कमियों को दूर करने के बारे में भी विचार किया जाये. उन्होंने सचिव को पत्र लिखकर सुझाव दिया है कि इसके लिए एक सक्षम तकनीकी समूह गठित कर उसका परामर्श लिया जाये.
















