चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र के नकटी बाजार में छापेमारी करते हुए भाकपा (माओवादी) संगठन के सेक्शन कमांडर मुर्गी बोदरा उर्फ विश्वनाथ उर्फ दोड़े को गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और पांच जिंदा गोली के अलावा एक टैब बरामद किया. पुलिस उससे पूछताछ के लिए थाना ले गई जहां उससे पूछताछ की गई. मुर्गी की निशानदेही में पुलिस भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया जिसे नष्ट कर दिया गया. जानकारी देते हुए चाईबासा पुलिस ने बताया कि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि मुर्गी बोदरा पुलिस की गतिविधि की रेकी के लिए नकटी बाजार में घूम रहा है. इसके बाद एक छापेमारी दल का गठन पर उसे नकटी बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

मुर्गी संगठन के शीर्ष कमांडर जीवन कुण्डुलना, मोछू, अजय महतो, काण्डे, सुरेश मुण्डा के दस्ता के साथ गुदड़ी, कोल्हान, पोड़ाहाट, बुंडू, चांडिल जैसे इलाकों में सक्रिय रहकर मुठभेड़, लेवी लेना, हत्या, माइंस लगाने जैसी घटनाओ को अंजाम दे चुका है. पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही में पुलिस ने सीआरपीएफ और बम निरोधक दस्ता की मदद से टेबो थाना क्षेत्र के हलमद एवं रोग्तो के जंगलों में छुपाकर रखे विस्फोटक जिसमें 6 आईईडी और 9 बंडल कोर्टेक्स विस्फोटक बरामद किया गया. बरामद विस्फोटक को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया.






