
चाईबासा / चक्रधरपुर : पहाड़ों और घने जंगलों से पटे पश्चिमी सिंहभूम जिला में कभी भाकपा माओवादी, तो कभी पीएलएफआई उग्रवादी सदस्यों द्वारा पुलिस पर हमला करने के लिए कभी केन बम, तो कभी सिलेंडर बम का प्रयोग किया जाता रहा है. लेकिन चाईबासा पुलिस नक्सलियों और पीएलएफआई सदस्यों के मंसूबों पर पानी फेरने में सफल हो जाती है। शुक्रवार को जिले के गोईलकेरा थाना अंतर्गत कुईड़ा से हाथीबुरू जाने वाले रास्ते में नक्सलियों ने फिर एक बार पुलिस पर बड़ा हमला करने की तैयारी कर रखी थी और रास्ते में आईडी बम बिछा रखे थे. वही चाईबासा पुलिस को सूचना मिली थी कि कुईड़ा से हाथीबुरू जंगलों में नक्सलियों की चहल-पहल है. इसी सूचना पर शुक्रवार को चाईबासा पुलिस ने सीआरपीएफ 60 बटालियन के साथ मिलकर नक्सलियों के विरुद्ध सर्च अभियान शुरू किया. इसी अभियान के दौरान पुलिस को रास्ते में लगाये गये 40 आईईडी बम बरामद करने में सफलता मिली है। इस अभियान के क्रम में कुईड़ा से हाथीबुरू जाने वाले रास्ते में पुलिस जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से 40 आईईडी बम सीरीज में नक्सलियों ने लगाये थे. जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. इस मामले पर कोल्हान रेंज के डीआईजी राजीव रंजन और पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा मॉनेटरिंग कर रहे हैं. पुलिस ने बड़ी साजिश को नाकाम किया है. मालूम हो की दो दिन पूर्व बौखलाए भाकपा माओवादियों के द्वारा सोनुवा थाना क्षेत्र के कई गांव में पोस्टर बाजी कर अपने तीन महिला नक्सली साथियों का बदला लेने की बात कही गयी थी और पुलिस को खुली चुनौती भी दी थी. इस मामले को लेकर पुलिस कप्तान इंद्रजीत महथा ने पूछे जाने पर बताया कि गोईलकेरा थाना क्षेत्र कुईड़ा हाथीबुरू जाने वाले रास्ते से 40 आईईडी बम बरामद हुआ है और क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है.














