रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : सेल चिरिया में कार्यरत सुरक्षा एजेंसी द्वारा सुरक्षा कर्मियों को वर्दी मुहैया कराने के एवज में उनके वेतन से रूपये काटने के विरुद्ध बीएमएस चिरिया के महामंत्री राजेश विश्वकर्मा ने मुख्य नियोक्ता, सेल को ज्ञापन सौंपा। जानकारी के मुताबिक सेल चिरिया में कार्यरत मेसर्स रांची सिक्यूरिटी प्राईवेट लिमिटेड के द्वारा सुरक्षा कर्मियों को वर्दी मुहैया कराया गया था। जिसके एवज में उनके मई, जून एवं जुलाई माह के वेतन से चार-चार सौ रुपये काट दिए गए। (नीचे भी पढ़ें)
राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि एजेंसी से काटे गए रकम को वापस करने हेतु कई बार आग्रह किया, परन्तु सुरक्षा एजेंसी द्वारा नजरअंदाज कर दिया गया। जबकि सेल द्वारा दिये गए टेंडर में एजेंसी के माध्यम से वर्दी मुहैया कराने का प्रावधान है। इस संबंध में सहायक महाप्रबंधक (कार्मिक एवं प्रशासन), सेल से भी मौखिक वार्ता हुई थी, जिसमें स्पष्ट कहा गया था कि वर्दी का पैसा नहीं काटा जायेगा। उसके बावजूद एजेंसी द्वारा सुरक्षा कर्मियों के वेतन से रुपये काट दिए गए, जो बिल्कुल अनुचित बताया जा रहा है। (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने एजेंसी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए इसके विरुद्ध कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सुरक्षा कर्मियों के वेतन से काटी गयी रकम यदि अविलंब वापस नहीं की जाती है तो बीएमएस इस मामले को लेकर अदालत में जाएगी।






