जमशेदपुर: जेवियर पब्लिक स्कूल डोरकासाई में कारगिल विजय दिवस बड़े उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. सामान्यतः यह दिवस 26 जुलाई को मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष 26 जुलाई रविवार होने के कारण विद्यालय में इसका आयोजन 24 जुलाई को किया गया. विदित हो कि वर्ष 1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच लगभग 60 दिनों तक कारगिल युद्ध चला था. भारतीय सेना ने अदम्य साहस, वीरता और बलिदान का परिचय देते हुए 26 जुलाई 1999 को विजय प्राप्त की. इसी ऐतिहासिक विजय की स्मृति में प्रत्येक वर्ष कारगिल विजय दिवस मनाकर देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर कक्षा 5 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया. इसके पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कक्षा 5 एवं 6 के लिए भाषण प्रतियोगिता, कक्षा 9 एवं 10 के लिए पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता तथा कोलाज एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता प्रमुख रहीं. सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना व्यक्त की. कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा. विद्यालय के शिक्षकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा विद्यार्थियों को देश के वीर जवानों के त्याग, साहस और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया.




