
रांची/झारखंड : पूर्वोत्तर भारत में यास तूफान आ चुका है. इसका असर 26 और 27 मई को दिखेगा. इसके तहत मुख्य तौर पर पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के अलावा बिहार और झारखंड पर भी प्रभाव डालेगा. यह तूफान बंगाल की खाड़ी और अंडमान निकोबार द्वीप समूह से उठ चुका है और हवाएं 160 से 170 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही है. ओड़िशा के पाराद्वीप और बंगाल के दीघा घाट के माध्यम से दोनों का टकराव होगा, जिसके बाद ओड़िशा के बालासोर और भद्रक जबकि बंगाल के बांकुड़ा और वीरभूम इलाके में पहला अटैक होगा. यह पश्चिम बंगाल और ओड़िशा में 26 मई की सुबह तक आ चुका है और तूफान काफी तेज रह सकता है. ओड़िशा के मयूरभंज और पुरी के तट से होते हुए 27 मई की अहले सुबह यानी 26 मई की देर रात करीब 2 बजे तक झारखंड के बाकारो, चतरा, धनबाद, देवघर, और दुमका होते हुए जमशेदपुर आयेगा. 26 मई की रात 11 बजे से ही इसका असर दिखने लगेगा, जो 27 मई की दोपहर तीन बजे तक रहने की संभावरना है. इसके बाद गिरीडीह, गोड्डा, गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पांकुड़, पलामू, रांची, साहेबगंज, सरायकेला-खरसावां और पश्चिम सिंहभूम पर असर डालेगा. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जमशेदपुर में काफी तेज हवाएं रहेगी, जिसकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रतिघंटा से लेकर 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार हो सकती है. वैसे सरायकेला-खरसावां और पश्चिम सिंहभूम जिले में इसका आंशिक असर पड़ने की संभावना जतायी जा रही है. इसके बाद बिहार के अररिया, अरवल होते हुए फिर यह शांत होगा. टीकाकरण के काम को भी बंद कर दिया गया है. जमशेदपुर में 26 और 27 मई को टीकाकरण नहीं होगा. (नीचे देखे पूरा वीडियो और पूरा न्यूज)
जमशेदपुर के डीसी ने युद्ध जैसी तैयारियां की, सारे अधिकारियों को काम पर लगाया, तटवर्ती इलाके में माइक से अपील, टाटानगर होकर जाने वाली 11 और ट्रेनों को किया गया रद्द
जमशेदपुर के डीसी सूरज कुमार ने यास तूफान से टकराने के लिए युद्ध जैसी तैयारी कर रखी है. तटवर्ती इलाके के लोगों को ऊपर शिफ्ट कराने के लिए पास के सारे सामुदायिक भवनों को तैयार कर दिया गया है. पानी, खाना, सोने के लिए गद्दा, जेनरेटर, बैटरी चालित सामान, टार्च समेत तमाम सामानों को तैयार रखा गया है. बिजली विभागों को अलर्ट किया गया है. सारी कंपनियों को कहा गया है कि 26 मई और 27 मई को 30 से 40 फीसदी मैनपावर से ही काम कराया जाये. इसके अलावा बिजली विभाग के सारे अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखा गया है. बिहार से तूफान को लेकर एनडीआरएफ की टीम जमशेदपुर पहुंच चुकी है और सारे इलाके में उनको काम पर लगा दिया गया है. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

तूफान को देखते हुए टाटानगर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली 11 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. 50 जोड़ी ट्रेनों को पहले ही दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से रद्द किया जा चुका था, जिसके बाद जमशेदपुर में टाटानगर रेलवे स्टेशन से होकर जाने वाली 11 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है, उसमें बड़बिल से चलकर टाटानगर और फिर बड़बिल जाने वाली ट्रेनों, पुणे से चलकर संतरागाछी तक जाने वाली ट्रेन, न्यू तिनसुकिया से भाया टाटानगर होते हुए ताम्बरम जाने वाली और आने वाली ट्रेन को रद्द कर दिया गया है. हजूर साहेब नांदेड़ से चलकर संतरागाछी जाने वाली नयी दिल्ली कोविड स्पेशल ट्रेन, पुणे से हावड़ा जाने वाली स्पेशल दुरंतो ट्रेन को रद्द कर दिया गया है. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

ऋषिकेश से पुरी जाने वाली कलिंग उत्कल एक्सप्रेस, खड़गपुर से टाटानगर आने वाली खड़गपुर टाटा पैसेंजर और पुरी से चलकर आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली नीलांचल कोविड स्पेशल ट्रेन को रद्द कर दिया गया है. नयी दिल्ली से पुरी जाने वाली स्पेशल ट्रेन को भी रद्द कर दिया गया है. दूसरी ओर, जमशेदपुर के बाजारों को 26 और 27 मई को बंद रखने को कहा गया है, सिर्फ आवश्यक वस्तुओं के सामानों के दुकानों को खोलने की अपील की गयी है. इसके अलावा टाटा मोटर्स ने 26 मई को एक दिन का ब्लॉक क्लोजर ले लिया है. सभी कंपनियों में भी आधे मैनपावर पर काम किया जायेगा.











