
Jamshedpur : कोरोना (Corona) के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अब शहरवासी आस्था का सहारा लेने लगे हैं, ताकि जल्द से जल्द इस वैश्विक महामारी के प्रकोप से लोगों को निजात मिल सके. जिस तरह से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है, लोगों में एक दहशत का माहौल कायम होता जा रहा है. संक्रमित मरीजों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि और मृत्यु दर में इजाफा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. इस महामारी को देखते हुए लोग अब पूजा-पाठ का सहारा लेते नजर आ रहे हैं. इसी कड़ी में बुधवार को जुगसलाई स्थित शनि मंदिर में कोरोना महामारी से छुटकारा के लिए एक विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया, जहां स्थानीय लोगों ने यज्ञ में शामिल होकर ईश्वर से इस वैश्विक महामारी को जल्द से जल्द दूर करने की प्रार्थना की. इस संबंध में शनि मंदिर के पुजारी दामोदर शनि बाबा ने बताया कि वैश्विक महामारी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. लोगों में दहशत का माहौल कायम है. उन्होंने कहा आज शनि अमावस है और आज के दिन का एक अलग महत्व है. आज के दिन विशेष यज्ञ का आयोजन कर शनि देवता से जल्द से जल्द इस महामारी से छुटकारा दिलाने की प्रार्थना की गई, ताकि पूरे विश्व से यह संकट जल्द से जल्द दूर हो.
[metaslider id=15963 cssclass=””]








