
आदित्यपुर : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड द्वारा एचटीएसएस के उपभोक्ताओं की बिजली दरों में की गई 38 फ़ीसदी वृद्धि के खिलाफ राजद ने झारखंड सरकार को विफल बताते हुए सरकार का पुतला फूंका. इस दौरान राजद प्रदेश महासचिव और आदित्यपुर विकास परिषद के संरक्षक पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में राज्य की रघुवर सरकार को विफलताओं से भरा करार दिया गया. वही हाईटेंशन बिजली की दरों में 38 फ़ीसदी वृद्धि के कारण कोल्हान के लगभग 25 इंडक्शन फर्नेस के बंद होने और औद्योगिक क्षेत्र के ऑटो सेक्टर में आई मंदी के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया गया. इन सारे मुद्दों को लेकर राजद द्वारा सरायकेला के आदित्यपुर स्थित शेरे पंजाब चौक पर झारखंड सरकार का पुतला फूंका गया और जमकर नारेबाजी भी की गई. साथ ही अविलंब बिजली की दरों में की गयी वृद्धि वापस लेने की मांग की गई. दर वृद्धि वापस नहीं लिए जाने पर आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है. पुतला दहन से पूर्व कार्यक्रम में शामिल लोग पुतले के साथ शेरे पंजाब से निकलकर जुलूस की शक्ल में आकाशवाणी चौक होते हुए शेर-ए-पंजाब चौक पहुंचे. जुलूस में शामिल लोग ‘उद्योग विरोधी रघुवर सरकार इस्तीफा दो’, ‘मजदूर विरोधी रघुवर सरकार इस्तीफा दो’, ‘रोजगार विरोधी रघुवर सरकार इस्तीफा दो’, ‘बिजली की बढ़ोतरी वापस लो,’ आदि नारे लगा रहे थे. पुतला दहन के बाद पुरेंद्र नारायण सिंह ने विभिन्न मांगों को रखते हुए कहा कि जेबीवीएनएल पुराने दर पर इंडक्शन फर्नेस और फाउंड्री उद्योगों सहित एचटीएसएस उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति करें. सरकार 4 महीने यथा- सितंबर, अक्टूबर, नवंबर, तथा दिसंबर के लिए ₹1.25 प्रति यूनिट सब्सिडी को 1 अप्रैल 2019 से लागू करे. जेबीवीएनएल डीवीसी के दर पर एचटीएसएस उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति करें या सरकार डीवीसी को कोल्हान में विद्युत आपूर्ति का लाइसेंस दे. इसके अलावा उन्होंने अपने उक्त मांगों के साथ कहा कि ऑटो सेक्टर में आई मंदी के चलते आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की लगभग 800 इकाइयों के बंदी के कगार पर पहुंचने और करीब 1 लाख मजदूरों के रोजी-रोटी की समस्या के निदान हेतु सरकार टाटा मोटर्स से स्थानीय कंपनी को ऑर्डर देने के लिए वार्ता करें. साथ ही बैठाए गए मजदूरों को सरकार क्षतिपूर्ति भत्ता दे. पुतला दहन कार्यक्रम में अर्जुन प्रसाद यादव, शमशाद अंसारी, वीरेंद्र यादव, उमाशंकर राम, रामजी शर्मा, विजेंद्र प्रसाद, विमल दास, अयोध्या गिरी, डॉक्टर लक्ष्मण ठाकुर, छविनाथ प्रसाद, रघुनाथ प्रसाद सिंह, संतोष यादव, दिलीप मंडल रविशंकर शर्मा, प्रमोद गुप्ता, संजय खान, सकला मार्डी, विजय कुमार, दिलीप मंडल, अशोक शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







