
जमशेदपुर : कदमा पुलिस ने शराब पीकर डॉक्टर पर हाथापाई करने और गाली गलौज करने का एक मामला सोमवार को कदमा थाने में दर्ज किया है. घटना के संबंध में मीरा अग्रवाल ने मामला दर्ज कराया है. आस्था डुप्लेक्स कदमा की रहने वाली मीरा अग्रवाल का कहना है कि 26 अगस्त की शाम 5 बजे आस्था डुप्लेक्स के सामने डॉ अविनाश कुमार और अनुप्रिया सिंह पहुंचे हुए थे. शराब के नशे में धुत डॉक्टर ने उनके साथ पहले गाली गलौज की. इसका विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ हाथापाई पर उतर गए. मामला थाने तक पहुंचने के बाद कदमा पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की है.
कदमा की नाबालिक का स्कूल से लौटते समय अपहरण
जमशेदपुर के कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 5 की रहने वाली एक नाबालिक लड़की का स्कूल से लौटते समय अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया. घटना 24 अगस्त की है. परिवार के लोगों का कहना है कि नाबालिक सुबह 8 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी. स्कूल के बच्चों ने परिजनों को बताया कि वह स्कूल आई थी. लौटते समय वह घर नहीं पहुंची. तब परिवार के लोग घटना को लेकर काफी परेशान हुए और खोजबीन के क्रम में दूसरे दिन स्कूल पहुंचे. कुछ पता नहीं चलने पर अंततः परिवार के लोगों ने आज इसकी लिखित शिकायत कदना थाने में की है. कदमा पुलिस स्कूली बच्ची का पता लगाने का प्रयास कर रही है. हालांकि परिजनों ने किसी के खिलाफ आशंका व्यक्त नहीं की है.







