
जमशेदपुर : मानगो जाकिरनगर के चेपापुल के पास बंद पड़े शौचालय को लेकर फरहान खान के ट्विट को लेकर मंत्री सरयू राय ने ऐक्शन ले लिया है. वर्ष 2018 से शौचालय बंद था. भाजपा कार्यकर्ता की ओर से उस शौचालय का ट्विट किया था जबकि शौचालय के बंद होने की स्थिति से मंत्री को अवगत कराया था. इसके बाद मंत्री ने तत्काल पहल की और बंद शौचालय को तत्काल खुलवाया. जाकिरनगर स्थित चेपापुल के निकट दिसम्बर 2018 में आम जनता के उपयोग के लिए शौचालय बनकर तैयार हो गया था, लेकिन वह आम जनता के लिए सुलभ नहीं हो पा रहा था. कुछ खास लोगों ने उस पर अपनी दबंगई कायम कर रखी थी. अपने निजी उपयोग में ला रहे थे.

इस बात की जानकारी फरहान खान को दी गई जिसके बाद उन्होंने स्थानीय विधायक सह खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी तथा उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया. मंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और उक्त शौचालय को अवैध कब्ज़े से शीघ्र मुक्त कराने के साथ इसे आम जनता के लिए खोलने का आदेश दिया. आदेश का त्वरित अनुपालन भी हुआ और लगभग नौ महीने बाद सार्वजनिक उपयोग के लिए इसे खोल दिया गया. विदित हो कि जाकिरनगर स्थित चेपापुल एक व्यस्त मार्ग है, जिसके नुक्कड़ पर उक्त शौचालय का निर्माण किया गया है. इसे सार्वजनिक उपयोग के लिए खोल दिए जाने से राहगीरों को काफी राहत महसूस हो रही है. फरहान खान की सूझबूझ पर इलाके के लोगों ने खुशी व्यक्त की है और उन्हें धन्यवाद दिया है.







