शिमला : हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को एक भयानक सड़क हादसे से पूरा इलाका दहल गया है. पहाड़ी से गिरे मलबे के नीचे यात्री वाहन के दब जाने से भारी जान-माल का नुकसान हुआ है. वाहन में सवार 15 यात्रियों में से 13 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. प्रशासनिक टीम और आपातकालीन सेवाएं घटना स्थल पर मौजूद हैं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को यह हादसा तब हुआ जब कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी लाहौल-स्पीति में उदयपुर-किलार रोड पर काडू नाला के पास भारी मलबे की चपेट में आ गई. शुरुआती खबरों के मुताबिक, गाड़ी में 15 लोग सवार हो सकते हैं. मलबे से एक घायल व्यक्ति को बचा लिया गया है, जबकि बाकी लोगों के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
लाहौल स्पीति के पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने हादसे की पुष्टि की है. हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच कर युद्ध स्तर पर राहत और बचाव अभियान चला रहा है. जानकारी के मुताबिक, राहत और बचाव कार्य के दौरान मलबे से एक घायल व्यक्ति को बाहर निकाला गया है, जिसे फौरन इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. मलबा हटाने का काम तेजी से चलाया जा रहा है. हालांकि प्रशासन ने हादसे के शिकार यात्रियों की संख्या के बारे में सटीक जानकारी नहीं दी है.




