
चाकुलिया : प्रखंड के मालकुंडी और बर्डिकानपुर पंचायत में बने क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे 15 प्रवासी मजदूरों का 14 दिन की क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के पश्चात उन्हें मंगलवार को घर भेज दिया गया. इनमें 6 मजदूर बर्डिकानपुर में, 10 लखीपुरा, 3 बालिदुमा और 2 बाईनागला के थे. इन सभी मजदूरों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद भी ऐहतियात के तौर पर 14 दिनों का क्वारंटाइन अवधि पूर्ण होने के बाद आज घर जाने की अनुमति दी गयी. घर जाने की अनुमति से मजदूर खुशी से झूम उठे. बीडीओ लेखराज नाग सभी क्वारंटाइन सेंटर पहुंचकर मजदूरों को उचित दिशा-निर्देश दिये हैं. उन्होंने कहा कि सभी मजदूर घर जाकर भी सारे नियमों का पालन करें. उन्होंने मजदूरों को खाद्य सामग्री पैकेट उपलब्ध करवाया. क्वारंटाइन सेंटर से घर जाते हुए मजदूरों को प्रखंड कर्मियों ने कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के उपाय भी बताए गए. मजदूरों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क का उपयोग और लगातार साबुन से हाथ धोने की सलाह दी गयी. मजदूरों को 14 दिन के लिए घर पर ही होम क्वारंटाइन में रहने को कहा गया है.















