
Chakuliya : चाकुलिया के कमारीगोड़ा में संचालित रामकृष्ण इंटरनेशनल इंग्लिश हाई स्कूल में शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे एक बंदर के आने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गयी. स्कूल के सभी बच्चे अपने-अपने क्लास रूम में ही बैठे रहे. बंदर के छत पर आने से स्कूल के शिक्षकों ने छत के दरवाजा पर ताला जड़ दिया, ताकि बंदर नीचे न उतर सके. स्कूल के शिक्षकों ने इसकी सूचना दूरभाष पर वन विभाग के पदाधिकारी को दी. सूचना पाकर वन विभाग के फॉरेस्टर बुद्ध देव तीन वनरक्षी के साथ स्कूल पहुंचे.
वन कर्मियों ने बंदर को पकड़ने के लिए नींद की चार गोली चाय के साथ पिलायी, ताकि उसे आसानी से पकड़ा जा सके. परंतु बंदर पर नींद की गोली का कुछ असर नहीं हुआ. घंटो मशक्कत करने के पश्चात वन कर्मियों ने किसी तरह उक्त बंदर को पकड़ कर वाहन से चाकुलिया सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के ओंड़ो गांव के नदी किनारे ले जाकर छोड़ा दिया. विदित हो कि एक बंदर के आतंक से चाकुलिया के ग्रामीण दहशत में थे. बंदर ने अब तक 6-7 लोगों पर हमला कर जख्मी कर दिया था. स्कूल में बंदर के आने से स्कूल के शिक्षक और विधार्थी काफी भयभीत थे.







