
Chakuliya : चाकुलिया और कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन के बीच सुनसुनिया और गोदराशोल गांव के बीच रेलवे ट्रैक किनारे साल जंगल में गुरुवार की सुबह लगभग 28 हाथियों का झुंड के पहुंच जाने से ग्रामीणों में दहशत है. वहीं रेलवे ट्रैक किनारे जंगल में हाथियों का झुंड आने से वन विभाग ने इसकी सूचना चाकुलिया स्टेशन को दे दी है. सूचना पाकर रेल कर्मियों ने हर ट्रेन के चालक को जंगल में ट्रेन की रफ्तार धीमी रखने की बात कही है. सुनसुनिया जंगल के पास अप और डाउन लाइन पर हर गाड़ी धीमी रफ्तार से गुजर रही है. वहीं हाथियों का झुंड गांव से सटे जंगल में आने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है. लोगों ने कहा कि हाथियों के भय से बच्चे और महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. लोगों ने कहा कि सुनसुनिया, धोबाशोल, गोदराशोल समेत अन्य गांवों के अधिकांश ग्रामीण रोजाना मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. हाथियों के आने जाने से गांव के लोग भी सहमे हुए हैं. ग्रामीण हाथियों के भय से गांव में ही हैं. हाथियों के आने से वन विभाग द्वारा हाथी प्रभावित गांव में हाथियों को भगाने के लिए टॉर्च, मसाल और पटाखे का वितरण किया गया है. वहीं वन विभाग के कर्मी लगातार हाथियों की हर गतिविधि पर नजर बनाये हुए हैं, ताकि हाथियों से ग्रामीणों को किसी प्रकार का नुकसान न हो.







