
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गैंगस्टर और दुमका जेल में बंद अपराधी अखिलेश सिंह का शूटर हरीश सिंह जेल से बाहर आ गया है. हरीश सिंह के जेल से बाहर आने से एक बार फिर से अपराध जगत में हलचल मच गया है. वह सक्रिय अपराधी रहा है और रांची के होटवार जेल से बाहर आ चुका है. उसके बाहर आने के बाद जमशेदपुर में एक बार फिर से अखिलेश सिंह गिरोह के अपराधी संगठित होकर अपराध को अंजाम देने के फिराक में लगे हुए है. वहीं पंकज दुबे गिरोह के साथ अखिलेश सिंह गिरोह की अदावत और परमजीत सिंह गिरोह के लोगों में भी इसको लेकर डर है कि कहीं हरीश सिंह और उसके साथी उन लोगों पर हमला नहीं बोल दें.

यहीं वजह है कि अब एक बार फिर से गैंगवार होने की आशंका जतायी जा रही है. अखिलेश सिंह गिरोह के एक और सदस्य कंहैया सिंह जेल से छूट गया है और वह अपने गांव चला गया है और अपने परिवार के साथ गुजर-बसर कर रहा है जबकि उसका एक और साथी सुधीर दुबे भी अलग गैंग बनाकर परमजीत सिंह गिरोह के साथ मिलकर अपराध जगत का नेतृत्व कर रहा है और अखिलेश सिंह के खिलाफ ही आगे बढ़कर काम करने लगा है. यहीं वजह है कि हरीश सिंह और सुधीर दुबे के बीच भी टक्कर होने की संभावना है. इसको लेकर जमशेदपुर की पुलिस को भी खुफिया जानकारी दे दी गयी है ताकि पुलिस एलर्ट रह सके.






