
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने कोरोना पोजिटिव केस में आयी कमी को देखते हुए कर्मचारियों के तबादले और उनको परिवार के साथ होने वाले पोस्टिंग और आने जाने पर लगायी गयी रोक को हटा दिया है कंपनी की वीपी एचआरएम अतरई सरकार की ओर से इसको लेकर आदेश जारी कर दिया गया है. इसके तहत वैसे अधिकारी या कर्मचारी, जिनका तबादला कर दिया गया था और वे लोग परिवार लेकर नहीं जा पाये थे, वैसे लोगों को एलाउंस भी मिलेगा और परिवार के साथ रहने लायक व्यवस्था और एचआरए भी दिया जायेगा, जिस पर पहले रोक लगी थी. एक अगस्त से सारे तबादला और पोस्टिंग के स्थान पर अधिकारियों और कर्मचारियों को जाकर काम करने और अपने परिवार को भी ले जाने की हिदायत दी गयी है. इसके तहत जो भी एलाउंस देने पर रोक थी, उन सारे एलाउंस पर लगायी गयी रोक को हटा दिया गया है. पहले के सारे सरकुलर को निरस्त कर दिया गया है, जिसमें रोक लगायी गयी थी. अधिकारियों को सलाह दी गयी है कि वे किसी भी व्यावसायिक यात्रा के दौरान कंपनी के दिशा-निर्देशों के साथ-साथ संबंधित राज्य सरकारों द्वारा लगाए गए सभी कोरोना संबंधित प्रोटोकॉल और सुरक्षा उपायों का पालन करें.


