
जमशेदपुर : टाटा कमिस कर्मचारी यूनियन चुनाव स्थगित कर दिया गया है. अब यूनियन की कमेटी मीटिग मंगलवार को होगी. इसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी. ऐसे में अब आठ दिसंबर को होने वाले चुनाव पर ब्रेक लग गया है. अगर चुनाव हुआ भी तो उसमें अब एक पखवारे तक का समय लगना तय माना जा रहा है. उप श्रमायुक्त के नोटिस के आधार पर टाटा कमिस कर्मचारी यूनियन स्टीयरिग कमेटी के सदस्य रामाकांत करूआ, दीपेंदु चक्रवर्ती व श्रीनिवास सोमवार को सुबह ग्यारह बजे डीएलसी कार्यालय पहुंचे थे. जहां डीएलसी के नोटिस का एक लिखित जवाब सौंपा गया. इसमें चुनाव संविधान सम्मत कराने का जिक्र है. पत्र में कहा गया है कि जिला प्रशासन के निर्देश का पालन करते हुए चुनाव हो रहा है. इसमें कोविड-.19 के गाइडलाइन का अक्षरक्ष: पालन हो रहा है. वहीं यूनियन नेताओं ने कहा कि चुनाव कराने को लेकर धालभूम एसडीओ से अनुमति नहीं मिली है, जिसे लेकर चुनाव स्थगित किया जा रहा है. इसकी लिखित जानकारी श्रम विभाग को भी उपलब्ध करा दी जाएगी. यूनियन के लिखित पक्ष को रखते हुए डीएलसी ने उसका अध्ययन करने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही.
कमिंस यूनियन का कमिटी मीटिंग में होंगे फैसला
टाटा कमिस कर्मचारी यूनियन की कमेटी मीटिग मंगलवार को कंपनी परिसर स्थित यूनियन कार्यालय में होगी. यूनियन की स्टीयरिग कमेटी के सदस्य रामाकांत करूआ ने यह मीटिग बुलाई है. इस बैठक में यूनियन के कार्यकारिणी सदस्यों को बुलाया गया है. सभी को चुनाव से संबंधित जानकारी देने व वर्तमान में यूनियन चुनाव को लेकर उत्पन्न वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाएगा. इसमें सभी सदस्यों से राय के बाद आगे की रणनीति बनाई जाएगी. रामाकांत करूआ ने कहा कि इस बैठक में ही तय होगा कि चुनाव कब होगा. आठ दिसंबर को चुनाव कराया जाए या फिर आगे इस टला जाए. सभी से रायशुमारी के बाद ही मंगलवार को निर्णय लिया जाएगा. कमेटी मीटिग में जो भी निर्णय होगा, उसे श्रम विभाग व आम कर्मचारियों को अवगत कराया जाएगा. रामाकांत करूआ ने कहा कि एसडीओ को दोबारा पत्र लिखकर चुनाव की अनुमति मांगी गई है. बताया गया है कि चुनाव संवैधानिक तरीके से कराया जा रहा है.
यूनियन ने सौंपा जवाब
सोमवार को स्टेयरिंग कमेटी के सदस्य रामाकांत करूवा ने उप श्रमायुक्त राजेश प्रसाद को लिखित जवाब सौंप दिया. यूनियन अध्यक्ष सह विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने डीसी से संविधान के अनुसार चुनाव नहीं कराने की शिकायत की थी. जिस पर उप श्रमायुक्त राजेश प्रसाद ने यूनियन को नोटिस देकर जवाब मांगा था. जवाब में यूनियन ने संविधान के अनुसार चुनाव कराने की बात कहीं है.
देर शाम तक होता रहा चुनाव प्रचार
चुनाव को लेकर देर शाम तक प्रत्याशी अपना चुनाव प्रचार करते रहे. कंपनी में चुनाव टालने की बात नहीं हो रही थी. चुनाव पदाधिकारी से लेकर चुनाव संचालन समिति के सदस्यों का कहना था कि उन्हें चुनाव रोकने का किसी तरह का आदेश नहीं मिला है. ऐसे में वे अपनी प्रक्रिया जारी रखेंगे. उधर श्रम विभाग से मिली जानकारी के बाद चुनाव पर संशय बरकरार हो गया. यूनियन के सदस्य व प्रत्याशी चुनाव पर ऊहापोह की स्थिति में दिखे.



