
जमशेदपुर : जमशेदपुर की सड़कों को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है. इस कड़ी में काफी कदम उठाया जा रहा है. यह जानकारी टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लिमिटेड (पहले जुस्को) के एमडी तरुण डागा ने वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में दी. इस दौरान संवाददाता सम्मेलन में एमडी के अलावा सीनियर जीएम धनंजय मिश्रा, सुकन्या दास समेत अन्य लोग वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे. इसके तहत सर्किट हाऊस गोलचक्कर से लेकर साई मंदिर तक के सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है और बीच वाले एरिया में लोहे का रॉड लगाया जा रहा है. इस सड़क की लंबाई 1.3 किलोमीटर तक की है. 10 मीटर की चौड़ाई है. 1.5 मीटर का पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनाया गया था. इस दौरान सर्विस रोड को भी बनाया जा रहा है जबकि साइकिल लेन भी बनाया जा रहा है. इसके अलावा गोलमुरी, केबुल कंपनी के गोलचक्कर, ट्यूब डिवीजन, भुइयांडीह और एग्रिको सड़क को भी बनाया जा रहा है. एग्रिको चौक से भालुबासा चौक तक के सड़क के चौड़ीकरण का जहां तक बात है तो भालुबासा गोलचक्कर के पास से साकची की ओर की सड़कों को चौड़ीकरण के लिए काम किया जा रहा है, लेकिन कोई फ्लाइओवर बनाने का फिलहाल कोई योजना नहीं है. इसके अलावा जुबिली पार्क के पार्किंग स्थल पर, टाटा स्टील यूआइएसएल के दफ्तर के पास और साकची बस स्टैंड के पास इलेक्ट्रिकल वेहिकल चार्जिंग स्टेशन बनाया जा रहा है. वहीं तीन और लगाने की योजना है.
स्ट्रेट माइल रोड का चौड़ीकरण की दिशा में हो रहा काम
बारीडीह से कदमा तक के स्ट्रेट माइल रोड के चौड़ीकरण की दिशा में भी काम किया जा रहा है. वर्ष 1943 में इस सड़क का निर्माण शुरू किया गया था. करीब 9 किलोमीटर की यह सड़क है. इसके तहत साकची फल बाजार, बाराद्वारी से तारापोर एग्रिको गोलचक्कर, साकची रामलीला मैदान के पास, कदमा गणेश मैदान से ओरियेंट नर्सिंग होम और फिर धातकीडीह से जुस्को गोलचक्कर तक की सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है. भालुबासा के पुल को भी मजबूतीकरण और उसको नये सिरे से बनाने का काम किया जायेगा. जहां भी अड़चनें है, उन सारी अड़चनों को दूर किया जा रहा है. जनता से बातचीत कर ही रास्ता निकाला जायेगा.
मैरिन ड्राइव में नयी तकनीक से सड़क को मजबूत बनाया जा रहा है, सड़क को लगाया जा रहा इंजेक्शन, डोबो के नये पुल के पास गोलचक्कर की संभावना तलाशेगी कंपनी
एमडी तरुण डागा और सीनियर जीएम धनंजय मिश्रा ने बताया कि मैरिन ड्राइव की सड़कें टूटती रहती है. इसकी बड़ी वजह है कि छाई पर यह बना हुआ है और वहां की सड़कें नीचे धंस जाती है, जिस कारण यह टूटता रहता है. काफी तकनीकी अध्ययन करने के बाद एक टीम इसके लिए काम कर रहा है, जो इंजेक्शन के माध्यम से सड़कों में सीमेंट का घोल डालकर उसको और मजबूत बनायेगी. सभी बड़े गड्ढों को भरा जा रहा है जबकि इसको मजबूत बनाया जा रहा है. इसकी सफलता के बाद इसको और ज्यादा आगे बढ़ाया जायेगा. एक सवाल के जवाब में एमडी ने बताया कि डोबो पुल के पास से सोनारी की ओर जाने के लिए नजदीकी गोलचक्कर बनाने के मुद्दे पर कहा कि इसका अध्ययन किया जा रहा है, प्रशासन के साथ मिलकर इसका रास्ता निकाला जायेगा.
बिष्टुपुर, कदमा लिंक रोड समेत कई सड़कों को बनाया जायेगा
बिष्टुपुर आउटर सर्किल रोड को भी बनाया जा रहा है. इसके तहत बिष्टुपुर एन रोड जंक्शन से मैरिन ड्राइव 2.9 किलोमीटर की सड़क को नये सिरे से बनाया जा रहा है. 2.6 किलोमीटर का चौड़ीकरण किया जा रहा है जबकि 0.3 किलोमीटर का एरिया का काम अभी बाकि है.
तीन जगहों पर साइकिल ट्रैक बनाया जा रहा है
एमडी तरुण डागा ने बताया कि साइकिल ट्रैक को बनाया जा रहा है. टाटा स्टील जुगसलाई गेट से टाटा पिगमेंट के बीच 1.5 किलोमीटर का साइकिल ट्रैक बनाया जा रहा है, जिसका 2.5 मीटर की चौड़ाई है. इसके अलावा कदमा सोनारी लिंक रोड में 1.5 किलोमीटर का साइकिल ट्रैक और सीएच एरिया का 2 किलोमीटर का साइकिल ट्रैक बनाया जा रहा है.
जलापूर्ति की व्यवस्था को दुरुस्त किया जायेगा
एमडी ने बताया कि जमशेदपुर में पूर्वोत्तर और पश्चिमी एरिया में पानी की आपूर्ति को दुरुस्त किया जा रहा है. दो पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है. नेटवर्क का काम किया जा रहा है. आसपास यह समाप्त हो जायेगा.
21 एकड़ में बन रहा जंगल ट्रेल, नये पार्क बनाया जायेगा
जंगल ट्रेल भी बनाया जा रहा है. इसके तहत 21 एकड़ की जमीन पर इसका विकास किया जा रहा है. 3.5 किलोमीटर से दो मीटर की चौड़ाई का वहां वाकिंग ट्रैक बनाया जा रहा है. घुड़सवारी केंद्र के पीछे वहां 19000 पौधा लगाया जा रहा है जबकि 2500 वर्ग मीटर का एरिया विकसित किया जा रहा है. कुल 27 पार्क जमशेदपुर इलाके में है.
स्मार्ट सिटी के तहत इंटरनेट से सारी चीजों को जोडा जा रहा है
स्मार्ट सिटी का कदम भी विकसित किया जा रहा है. इसके तहत पानी, बिजली, सफाई को इंटरनेट के जरिये जोड़ दिया जा रहा है. पानी लेवल को देखने, लाइट के बंद और चालू करने का सिस्टम, क्यू आर कोड के जरिये कचड़ा का का उठाव, सैटेलाइट के जरिये वाटर बॉडी को विकसित किया जा रहा है. सारे मेन होल को जोड़ा जा रहा है, ताकि अगर कहीं भी ओवरफ्लो होगा तो उसको इंटीग्रेटेड कमांड को मालूम चल जाये.
जमशेदपुर में इन जगहों पर बनेगा फुटओवर ब्रिज, इन सड़कों का हो रहा जीर्णोद्धार
एमडी तरुण डागा ने बताया कि पैदल चलने से लेकर साइकिल सवारी, सड़कों को बनाने के अलावा फुटओवर ब्रिज बनाया जा रहा है. इसके तहत साकची से बिष्टुपुर तरफ जाने वाले टाटा स्टील के एल टाउन गेट के पास एक फुट ओवरब्रिज, पावर हाउस 3 गेट के पास एक फुटओवरब्रिज बनाया जायेगा. इसके अलावा साकची गोलचक्कर और संजय मार्केट के पास भी फुटओवरब्रिज बनाने का अध्ययन किया जा रहा है. बिष्टुपुर बाजार और मानगो गोलचक्कर के पास भी पैदल ऊपर से जाने की व्यवस्था के लिए फुटओवरब्रिज बनाया जा रहा है. इसके अलावा जुगसलाई पावर हाउस ब्रिज के पास पैदल चलने वालों के लिए रास्ता बन रहा है जबकि साकची के पुराना किताब दुकान के सड़क का चोड़ीकरण, साकची ऑटो स्टैंड के पास भी जाम नहीं लगे, इसके लिए प्रशासन से बातचीत की जा रही है. पुराना एटडीएल सनसाइन के पास भी सेफ्टी को लेकर कदम उठाये जा रहे है जबकि नोवेल्टी से वीमेंस कॉलेज बिष्टुपुर तक के सड़क को भी नये सिरे से बनाया जा रहा है. गोलमुरी आरडी टाटा गोलचक्कर के पास भी विकास का काम चल रहा है. हालांकि, गोलमुरी के पास कोई पार्किंग की व्यवस्था अभी तो नहीं हो रही है, लेकिन वहां करीब 200 कार के पार्किंग एरिया की जरूरत है. बिष्टुपुर जी टाउन एरिया में बिजली की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है.






