
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने बुधवार को वर्चुअल मोड में जीरो टॉपलिंग अभियान (फरवरी-2-मार्च 31, 2022) के समापन समारोह का आयोजन किया. यह अभियान क्रेन, डंपर और मोबाइल उपकरण से संबंधित सुरक्षा घटनाओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए चलाया गया था, जिसका उद्देश्य कंपनी की परिचालन इकाइयों में ऐसी घटनाओं को समाप्त करना था, ताकि टॉपलिंग की घटनाओं को खत्म किया जा सके. वर्चुअल समापन समारोह में संजीव पॉल, वाइस प्रेसिडेंट सेफ्टी हेल्थ एंड सस्टेनेबिलिटी और अवनीश गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट टीक्यूएम एंड इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट्स मौजूद थे. अधिकारी, कर्मचारी और वेंडर पार्टनर्स भी वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए. अपने संबोधन में अवनीश गुप्ता ने हाल ही में क्रेन संबंधी घटनाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने अपने कर्मचारियों और ड्राइवरों को सुरक्षा उपायों और बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में लगातार जागरूक करने की आवश्यकता पर बल देने के अलावा विशिष्ट हस्तक्षेपों के माध्यम से कर्मचारियों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की. उन्होंने निर्माण स्थलों और परिचालन इकाइयों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया- जहां साइट की स्थिति दिन-ब-दिन बदलती रहती है. उन्होंने आगे कहा कि इसे एक ठोस प्रयास और “शून्य नुकसान” तथा “टॉपलिंग की शून्य घटनाओं” को प्राप्त करने की दिशा में हमारी सुरक्षा यात्रा की एक नई शुरुआत के रूप में लिया जाना चाहिए. संजीव पॉल ने किसी भी सुरक्षा उल्लंघन के लिए शून्य सहिष्णुता की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने सुरक्षा नियमों, मानकों और विनियमों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया और इससे मोबाइल उपकरणों के पलटकर गिरने की घटनाओं को कम करने में मदद मिल सकती है. उन्होंने आगे मुद्दों को उठाने और किसी भी प्रकार के सुरक्षा उल्लंघन के लिए शून्य सहिष्णुता सुनिश्चित करने के महत्व पर बात की. उन्होंने कंपनी की आकांक्षाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि तभी हम “जीरो हार्म ” के अपने उद्देश्य को प्राप्त कर पाएंगे. राजीव मिश्रा, हेड कंस्ट्रक्शन सेफ्टी, टीएसके और ओएमक्यू प्रोजेक्ट्स ने क्रेन से संबंधित सुरक्षा मुद्दों पर कर्मचारियों के साथ निर्बाध संचार के अलावा कार्यस्थलों को संवेदनशील बनाने, प्रशिक्षित करने और ऑडिट करने के लिए अभियान के दौरान शुरू की गई पहलों के बारे में विवरण देते हुए कार्यक्रम का संदर्भ निर्धारित किया. उन्होंने कर्मचारियों और ड्राइवरों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान के दौरान की गई नई पहलों के बारे में भी बताया. अनिल कुमार शुक्ला, चीफ कंस्ट्रक्शन सेफ्टी, ईएंडपी ने अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डालने के साथ ही औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन किया. वर्चुअल कार्यक्रम में टाटा स्टील के सभी स्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाले 350 से अधिक कर्मचारियों की उत्साहजनक भागीदारी देखी गयी.






