
जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) के कर्मचारियों के बोनस को लेकर लगातार इंतजार हो रहा है. वहीं काफी दिनों से वेज रिवीजन भी पेंडिंग है. कर्मचारी अपने अधीकृत यूनियन के अभाव में परेशान है. कोर्ट कचहरी में पक्ष और विपक्ष की लड़ाई के चक्कर में कर्मचारियों का बोनस और वेज रिवीजन फंसा हुआ है. हालात यह है कि मामला हाईकोर्ट में पेंडिंग है और कर्मचारियों का वेज रिवीजन समझौता भी लटका हुआ है. इससे कर्मचारियों को नुकसान हो रहा है. आपको बता दें कि टाटा स्टील यूआइएसएल की अधीकृत यूनियन जुस्को श्रमिक यूनियन को लेकर विवाद काफी दिनों से चला आ रहा है. इस विवाद के चक्कर में यूनियन की मान्यता नहीं मिल पा रही है. पिछले साल बोनस की राशि एकतरफा मैनेजमेंट ने भेज दिया था. यह भी संभावना जतायी जा रही है कि इस बार भी एकतरफा ही बोनस की राशि भेज दी जाये. वेज रिवीजन को लेकर कोई रास्ता नहीं निकल रहा है. लिहाजा, अब कर्मचारी बेचैन हो रहे है. कंपनी के युवा कर्मचारी प्रशांत वाजपेयी ने पक्ष और विपक्ष को लेकर चल रही राजनीति के बीच अपना विरोध दर्ज कराया है. प्रशांत वाजपेयी ने कहा है कि यूनियन के पक्ष-विपक्ष की राजनीति के चक्कर मे पिछले कई वर्षो से वेज रिवीजन लंबित है. पक्ष-विपक्ष के इस शह और मात की राजनीति ने टाटा स्टील यूआइएसएल के कर्मचारियों को ऊहापोह मे लाकर छोड़ दिया है. मजदूरों का असंतोष धीरे-धीरे आक्रोश मे बदलते जा रहा है. बढ़ती महगाई मे अब घर चालाना काफ़ी मुश्किल हो रहा है. आम कर्मचारी इस उम्मीद मे बैठा है कि दोनों पक्ष कोई बीच का रास्ता निकालकर मजदूर हित मे जल्द से जल्द चुनाव करवाए ताकि आगे वेज रिवीजन का रास्ता भी प्रशस्त हो सके.





