जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में एक बार फिर से 27 अगस्त शनिवार को ब्लॉक क्लोजर घोषित किया गया है. 28 अगस्त को रविवार है, जिस दिन साप्ताहिक छुट्टी रहेगी. ऐसे में इस कारण अब टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में कामकाज 29 अगस्त सोमवार से फिर से शुरू हो जायेगा. लिहाजा, करीब दो दिनों के बाद तीसरे दिन सामान्य तौर पर कामकाज शुरू हो सकेगा. टाटा मोटर्स में हाल के दिनों में उत्पादन प्रभावित हुई है. ऐसे में कंपनी में वर्कऑर्डर घट चुका है. यहीं वजह है कि लगातार ब्लॉक क्लोजर लिया जा रहा है. इससे पहले शनिवार 13 अगस्त को ब्लॉक क्लोजर लिया गया था. बाद में 14 अगस्त को रविवार की छुट्टी थी, फिर 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी थी. इसके बाद अब फिर से ब्लॉक क्लोजर लिया गया है. जुलाई और अगस्त माह में कई दिन ब्लॉक क्लोजर कंपनी ले चुकी है. ब्लॉक क्लोजर के दौरान कंपनी के कर्मचारियों को आधा वेतन मिलता है जबकि आधा वेतन कंपनी वहन करती है यानी जितना ज्यादा ब्लॉक क्लोजर होगा उतना कर्मचारियों को ही नुकसान होना है. वैसे कुछ विशेष काम के लिए कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाया जाता है. इस दौरान उनकी छुट्टी काट दी जाती है. टाटा मोटर्स और यूनियन के बीच ब्लॉक क्लोजर को लेकर कई बार वार्ता होने के बाद एक समझौता भी हुआ है, जिसमें साल में तय है कि कितना ब्लॉक क्लोजर लिया जा सकता है. उसी समझौता को आधार बनाकर कंपनी ब्लॉक क्लोजर लेती है. कंपनी के जारी सर्कुलर के मुताबिक ब्लॉक क्लोजर के दिन किसी तरह की छुट्टी को मंजूर नहीं की जाएगी.






