जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के नये हेड रवींद्र नरसिन्हा कुलकर्णी ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया. प्लांट हेड के तौर पर श्री कुलकर्णी ने कामकाज संभाल लिया. वर्तमान में टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के हेड रहे विशाल बादशाह को प्रोमोशन दे दिया गया है. श्री बादशाह को एक अक्टूबर से टाटा मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट कॉमर्शियल वेहिकल बनाया गया है. दूसरी ओर, टाटा मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट और जमशेदपुर प्लांट के पूर्व हेड अजय लाल 30 सितंबर को रिटायर हो जायेंगे. वे जमशेदपुर के प्लांट हेड होने के बाद सीधे वाइस प्रेसिडेंट बने, इसके बाद अब विशाल बादशाह को उनके स्थान पर वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया है. एक माह तक विशाल बादशाह नये प्लांट हेड रवींद्र नरसिन्हा कुलकर्णी को कामकाज संभालने में मदद भी करेंगे.
जानिये कौन है टाटा मोटर्स के जमशेदपुर के नये प्लांट हेड
टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के नए हेड रविन्द्र नरसिंहा कुलकर्णी अभी तक सीनियर मैनेजर मैनुफैक्चरिंग इंजीनियरिंग कमर्शियल वेहिकल के रूप में कार्यरत थे. श्री कुलकर्णी वीआईटी पुणे से बीई मेकैनिकल की पढ़ाई पूरी की है. 1990 में वे भारत फोर्ज कम्पनी से अपने कैरियर की शुरूआत की थी. टाटा मोटर्स से वे 1994 से जुड़े हुए है. उनको मैनुफैक्चरिंग इंजीनियरिंग टीम का कमान भी दिया गया है, जब तक किसी का पदस्थापन उनके स्थान पर नही हो जाता है.





