
जमशेदपुर : महाराष्ट्र पुलिस की मदद से 26 फरवरी को टाटा स्टील के अधिकारियों ने महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई इलाके में ’ए वन स्टील ट्रेडर्स’ नामक एक रिटेल आउटलेट पर छापा मारा, जहाँ टाटा के नकली उत्पाद ‘टाटा वायरॉन’ बेचे जा रहे थे. नकली कांटेदार तार को टाटा वायरन के फोटोकॉपी लेबल के साथ बेचा जा रहा था. यह खुदरा विक्रेता, पास के ही जिले में स्थित निर्माताओं से माल खरीद रहा था और उसके आउटलेट पर फोटोकॉपी लेबल लगा रहा था. टीम ने नकली टाटा उत्पाद के लगभग 26 बंडल जब्त किए, जो मूल टाटा वायरॉन कांटेदार तार उत्पाद की कीमत की तुलना में काफी कम कीमत पर बेचे जा रहे थे. इस संबंध में एक एफआइआर भी दर्ज की गई है.

टाटा स्टील ने बताया है कि टाटा स्टील ऐसी किसी भी गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अपनी निगरानी और कार्रवाई को सक्रिय रूप से जारी रखेगी, जो इसकी संपत्ति और ब्रांड को प्रभावित कर रहे हैं. टाटा स्टील अपने ट्रेडमार्क, लोगो और अन्य बौद्धिक संपदाओं के दुरुपयोग और अवैध उपयोग की कड़ी निंदा करती है.

कंपनी की ब्रांड प्रतिष्ठा और साख की रक्षा करने के लिए, टाटा स्टील की ब्रांड प्रोटेक्शन टीम जालसाजों समेत उन निकायों/डीलरों/दुकानदारों/कंपनियों आदि पर लगातार नजर रखती है और उन पर कार्रवाई करती है, जो कंपनी के बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन करती हैं. इन वर्षो में, टाटा स्टील के उत्पादों और समानों ने उत्पाद की गुणवत्ता में उच्चतम मानकों को बनाए रखने और नवाचार पर ध्यान केंद्रित करने के लिए संस्थान की प्रतिबद्घता के आधार पर विश्वास और साख अर्जित की है.





