
जमशेदपुर : टाटा स्टील की ओर से टीएमएच में 40 मरीजों की कोरोना वायरस की जांच की गयी है. इसको लेकर सबसे सुखद बात यह सामने आयी है कि सभी रिपोर्ट नेगेटिव है. इसकी जानकारी टाटा स्टील की ओर से टेलीकांफ्रेंसिंग के जरिये आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज के जीएम डॉ राजन चौधरी ने दी. श्री चौधरी ने बताया कि अस्पताल में व्यवस्था को और बेहतर किया जा रहा है. करीब 500 बेड कोरोना वायरस को लेकर पूरी तरह तैयार है. इसके अलावा नोवामुंडी में 25 आइसोलेश़ वार्ड और 3 वेंटिलेशन बेड, वेस्ट बोकारो में दस आइसोलेशन वार्ड और 2 वेंटिलेशन, झरिया में 10 आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है. धनबाद के पीएमसीएच के साथ मिलकर झरिया में काम किया जा रहा है. मेडिकल सर्विसेज के जीएम ने बताया कि कोरोना वायरस की जहां तक जांच की बात थी तो उसको अब तक मंजूरी नहीं मिल पायी है. कुछ तकनीकी दिक्कतें आयी है. भारत सरकार की मंजूरी मिलते ही फिर जांच शुरू कर दी जायेगी, लेकिन अभी सिर्फ सैंपल को इकट्ठा कर हम लोग एमजीएम अस्पताल में जांच के लिए भेज रहे है.
कई लोगों को कोरोना वायरस का नहीं मिल रहा लक्षण, सामाजिक दूरियां बनाये रखे
टीएमएच के जीएम डॉ राजन चौधरी ने बताया कि यह सही बात है कि कई लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण तक नहीं मिल रहे है. रांची में ऐसी ही वारदात सामने आयी है. ऐसे में लोगों को एक दूसरे से मिलना ही बंद कर देना चाहिए और सामाजिक दूरियां भी बनाकर ही रखना चाहिए ताकि इस तरह की बीमारी का फैलाव नहीं हो. जब तक चेक होगा या कोई लक्षण मिलेगा, तब तक कई लोगों तक यह बीमारी फैल गयी होती है, इस कारण सबसे ज्यादा जरूरी है कि लॉकडाउन का पालन करें और एक दूसरे से मिलना बंद करें.
टाटा स्टील में कार्यरत कर्मचारियों पर रखी जा रही नजर
टाटा स्टील के जीएम मेडिकल सर्विसेज डॉ राजन चौधरी ने बताया कि टाटा स्टील में कार्यरत कर्मचारियों पर भी नजर रखी जा रही है. कर्मचारी जो काम करते हुए है, उनके हाथ धोने की व्यवस्था है, उनको हर काम के साथ ही हाथ धोने को कहा गया है जबकि सामाजिक दूरियां भी बनाकर रखा गया है ताकि किसी तरह भी इस तरह की बीमारी का फैलाव नहीं हो. सोशल डिस्टेंशिंग को लागू किया गया है. कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए जो भी संभव है, वह किया जा रहा है.
टाटा स्टील जिला प्रशासन के साथ खिला रहा है खाना, 25 हजार तक पहुंचा मिशन, और 25 हजार तक पहुंचना है
टेलीकांफ्रेंसिंग के जरिये टाटा स्टील के सीएसआर के चीफ सौरभ राय ने कहा कि हर व्यक्ति को खाना पहुंचाने के मुहिम के तहत 25 हजार लोगों तक जमशेदपुर की 86 बस्तियों तक खाना पहुंचाया जा रहा है. इसके बाद और 25 हजार लोगों तक खाना पहुंचाया जायेगा. कुल 50 हजार लोगों को एक समय का खाना देने के लक्ष्य के साथ टाटा स्टील काम कर रही है. जिला प्रशासन की मदद से यह अभियान चलाया जा रहा है. इसके अलावा 50 हजार मास्क का भी वितरण किया जा रहा है. इसको तैयार कराने का काम भी तेज हो चुका है, जिसमें से 3500 मास्क बांट भी दिये गये है. घर बैठे आमदनी करने के लक्ष्य के तहत 1500 रुपये की कमायी की गारंटी देने के लिए एक हजार लोगों को जोड़ा जा रहा है. इसके तहत किचेन गार्डेन के जरिये लोगों की आमदनी बढ़ायी जा रही है. इसके अलावा करीब एक क्विंटल सब्जियों का एक बड़ा बाजार टाटा स्टील ने खुद संभाल लिया है, जो पटमदा और बोड़ाम के किसानों से लिया जायेगा और ऑनलाइन सब्जियों का बड़ा बाजार तैयार कर सब्जियों की बिक्री की जायेगी ताकि किसानों की आमदनी बढ़ती रहे. ऐसे 70 किसानों को जोड़ने में टाटा स्टील कामयाब हुई है. टाटा स्टील के सीएसआर के चीफ सौरभ राय ने कहा कि डिजिटल तरीके से सबको जोड़ा जा रहा है ताकि लोगों को भोजन भी मिले, उनकी आमदनी भी मिले और सबकी रोजी रोटी के साथ जिंदगी भी चलती रहे. इस संवाददाता सम्मेलन में टाटा स्टील के जीएम मेडिकल सर्विसेज राजन चौधरी और सीएसआर चीफ सौरभ राय के अलावा टाटा स्टील के चीफ कारपोरेट कम्यूनिकेशन कुलविन सुरी, हेड कारपोरेट कम्यूनिकेशन रुना राजीव कुमार भी जुड़े थे.






