
चाईबासा : जगन्नाथपुर पुलिस ने पत्थर से अपने ही पड़ोस में रहनेवाले बुजुर्ग व्यक्ति को मारकर घायल कर देने के आरोप में कसिरा गांव के विपिन कराई को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने बताया कि पिड़ित बुजुर्ग जानेन्द्र केराई के पुत्र जामदार केराई के द्वारा थाने में लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन में बताया गया है कि गांव की ही चुमन्ती केराई एवं जापो केराई के साथ आपसी जमीनी विवाद को लेकर शिकायतकर्ता के पिता की बहस हो रही थी. इसी बीच गांव निवासी विपिन कराई वहां पहुंच गया और जानेंद्र केराई के साथ गाली-गलौज करते हुए पत्थर से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जामदार केराई ने बताया है कि मुझे घटना की सूचना रिस्ते के चाचा चन्द्रमोहन केराई ने आकर दी. मैं घटनास्थल की ओर गया, तो देखा कि मेरे पिता जानेन्द्र केराई खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरे हुए हैं। ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें जगन्नाथपुर अस्पताल लेकर आया। अत्याधिक नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर ईलाज के लिए रेफर कर दिया। थाना प्रभारी श्री मोदक ने कहा कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी विपिन केराई को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया है।






