
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर (आरआइटी) थाना अंतर्गत रोड नम्बर 12 निवासी इंटक नेता ऋषिकेश तिवारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. वर्तमान में ऋषिकेश अरका जैन यूनिवर्सिटी में काम भी कर रहा था. बताया जाता है कि ऋषिकेश की शादी के बाद से ही पत्नी के साथ विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में था. बताया जाता है कि पिछले दिनों पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद पत्नी ने कोर्ट में 20 लाख रुपये एकमुश्त मुआवजा का डिमांड कर दी थी, जिसके बाद से वह सदमा में था. वह काफी दिनों से परेशान था. उसकी पत्नी झारखंड पुलिस में कार्यरत है. उधर आत्महत्या की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इधर ऋषिकेश का पार्थिव शरीर टाटा मुख्य अस्पताल में रखा गया है. जहां शनिवार को परिवार के सदस्यों के आने के बाद दाह संस्कार किया जाएगा. हालांकि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइडल नोट नहीं मिला है. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है.







