
जमशेदपुर : वर्षों से बंद पड़ी केबुल कंपनी के कानूनी फैसले आने के बाद कर्मचारियों कानूनी लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है. एनसीएलटी, कोलकाता के फैसले के बाद जहां कंपनी को दिवालिया घोषित किया गया. वहीं, अब कर्मचारी भी फैसले को चुनौती देने के लिए एनसीएएलटी, नई दिल्ली का रुख करने का फैसला किया है. शनिवार को इंकैब संयुक्त मोर्चा की ओर से बड़ी आमसभा केबुल ऑफिसर्स क्लब में बुलाई गई है, जहाँ केबुल कर्मचारी समेत केबुल निवासी एकत्रित होंगे. शुक्रवार शाम इंकैब संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष भगवती सिंह ने प्रेस-विज्ञप्ति जारी कर सभा संबंधी जानकारी दी. बताया कि सभा में एनसीएलटी, कोलकाता में कर्मचारियों के हित की लड़ाई लड़ रहे अधिवक्ता अखिलेश श्रीवास्तव, ट्रेड यूनियन के वरिष्ठ नेता एसएन सिंह, समाजसेवी सह उद्योगपति एनके सिंह समेत इंकैब पुणे व कोलकाता के कर्मचारी शामिल होंगे. सभा मे कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए तकनीकी पहलुओं पर विचार कर आगामी दिनों की रूपरेखा तय की जाएगी. आहूत आमसभा से कर्मचारियों के बीच भ्रम के बादल छंटने की संभावना है, साथ ही कानूनी जानकारी के साथ ही राहत मिलने की आशंका व्यक्त की जा रही है.




