
रांची/जमशेदपुर : झारखंड में तीन हजार से अधिक जगहों पर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की ओर से छापामारी की गयी है. बिजली की चोरी के खिलाफ गुप्ता सूचना के आधार पर एक साथ छापामारी की गयी है. इसके तहत जमशेदपुर में सबसे ज्यादा 535 जगहों पर छापामारी की गयी है. इसके अलावा रांची में 443 और धनबाद में 285 जगहों पर छापामारी की गयी है. इस छापामारी के तहत बड़े पैमाने पर चोरी को पकड़ा गया है. बताया जाता है कि करोड़ों की बिजली चोरी का खुलासा हुआ है. बिजली की चोरी वैसी कंपनियों द्वारा की जा रही थी, जो अवैध तरीके से कारोबार कर रहे है. इसके अलावा इंडक्शन प्लांट से लेकर अन्य तरह की कंपनियों में भी बिजली की चोरी करने का खुलासा हुआ है. इसके तहत बिजली विभाग की पूरी टीम ने कई सामानों को जब्त किया है. इसके तहत देर रात तक छापामारी करने की प्रक्रिया चल रही है.
बिजली चोरी का संगठित अपराध चल रहा है
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की ओर से यह सूचना मिली है कि बिजली चोरी को लेकर संगठित तौर पर अपराध चल रहा है. इस बिजली चोरी के कारण पब्लिक मनी का लूट चल रहा है. इसको रोकने के लिए ही निगम की ओर से लगातार छापामारी की गयी है. यह छापामारी विभाग की ओर से लगातार करने का फैसला लिया गया है. इसको लेकर अब तक सही आंकड़ा जारी नहीं किया गया है.
जमशेदपुर में पहले भी पकड़े जा चुके है बिजली चोर
जमशेदपुर में पहले भी बिजली चोरों को पकड़ा जा चुका है. जमशेदपुर का मतलब है कि पूरा कोल्हान, जिसमें पूर्वी सिंहभूम के साथ साथ पश्चिम सिंहभूम जिला और सरायकेला-खरसावां जिले के लोग शामिल है. इस चोरी से काफी नुकसान बिजली विभाग को होता आया है, लेकिन बिजली विभाग के लोगों की मिलीभगत से ही बिजली की चोरी की जाती है, जिसको रोकने के लिए अब तक किसी तरह का कोई कदम नहीं उठाया गया है.




