
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के अगरबत्ती फैक्ट्री में काम करने वाले एक युवक की बुधवार की सुबह संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी. आशंका जतायी जा रही है कि युवक की बिजली का करंट लगने से मौत हुई होगी क्योंकि उसका शव जहां बरामद किया गया है, वहां टिना का शेड है, जिससे सटकर ही उसका शव पड़ा हुआ था. मृतक युवक का नाम अंकुमश कुमार सिन्हा है, जो 21 साल का है.

उसका स्थायी पता दिल्ली के उत्तर पश्चिम सुल्तानपुरी, बुध विहार, फेज 1, ए-2/36 है, जिसके पिता का नाम अशोक कुमार सिन्हा है. वह बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी रोड नंबर 5 के पुराना शिव मंदिर के पास कांग्रेसी नेता रमण खान के घर के सामने अगरबत्ती बनाता था. बुधवार की सुबह उसकी मौत हुई है. उसकी संदिग्ध हालत में मौत हुई है. लोगों का कहना है कि बिजली का करंट लगने से उसकी मौत हुई है. उक्त युवक की मौत की जानकारी परिजनों को दे दी गयी है. परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जायेगा. वैसे हर मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के पहले नोवल कोरोना वायरस की भी जांच की जानी है. इस लिहाज से शव का सैंपल भी लिया गया है, जिसके बाद ही पोस्टमार्टम या अंतिम संस्कार किया जा सकेगा.














