
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत बाबकुटी की एक 20 वर्षीय इंटर की छात्रा अंजली कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. अंजलि जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के प्लस टू की छात्रा बतायी जा रही है. आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है.

बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर अंजलि अपने कमरे में फंदे से झूलती पायी गयी, हालांकि तत्काल परिजनों ने फंदे से झूलती अंजलि को उतारा उस वक्त अंजलि की सांसें चल रही थी, स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे आदित्यपुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां छात्रा ने आज सुबह दम तोड़ दिया. वहीं छात्रा के मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया. उधर परिजन को मेडिका अस्पताल ने यह कहते हुए शव देने से इंकार कर दिया कि ईएसआईसी से मेडिसिन विभाग से रेफर कराकर लाने पर ही शव दिया जाएगा. वहीं ईएसआईसी अस्पताल प्रशासन ने दस बजे के बाद कार्यालय खुलने पर ही किसी तरह के विवाद पर सुनवाई किए जाने की बात कहते हुए पल्ला झाड़ लिया. बताया जाता है कि कल छात्रा को न्यूरोलॉजी विभाग में भर्ती लिया गया था, और उसी विभाग द्वारा स्थिति बिगड़ने पर मेडिका अस्पताल रेफर किया गया था. वहीं दोनों अस्पतालों के पेंच को देखते हुए स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. सभी मेडिका अस्पताल के लिए निकल पड़े हैं. वहीं आरआईटी थाना पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है. बताया जा रहा है कि आरआईटी थाना पुलिस मेडिका अस्पताल पहुंची थी, लेकिन छात्रा की स्थिति को देखते हुए उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी थी. छात्रा के पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और किसी तरह से अपना और अपने परिवार का भरण- पोषण करते थे. स्थानीय लोगों के अनुसार दिहाड़ी मजदूरी करते हुए भी पिता अपने बच्चों के हर ख्वाहिश को पूरा करते रहे. तीन भाई- बहनों में अंजलि बड़ी थी. बताया जाता है कि मेहनत- मजदूरी करते हुए तमाम कठिनाइयों का सामना करते हुए भी परिजन बच्चों को तालीम देने में जुटे हुए थे.














