
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत रामनगर की रहनेवाली शादीशुदा महिला पी सरिता को उसके पति पी रामाकृष्णा द्वारा मामूली बात पर लकड़ी काटने वाले चापड़ से मारकर बुरी तरह से घायल किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. वहीं गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया है. जहां महिला का इलाज चल रहा है. जमशेदपुर के बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी की रहनेवाली पी सरिता की साल 2006 में कदमा रामनगर निवासी पी रामाकृष्णा के साथ शादी हुई थी. दोनों के दो बच्चे भी हैं. महिला ने बताया कि शादी से पहले उसके पति गैरेज में काम करते थे, लेकिन शादी के बाद से कामधाम छोड़ दिया. महिला ने बताया कि किसी तरह से परिवार का गुजर- बसर चलता है. वह पापड़ वगैरह बानकर अपना और अपने बच्चों का जीवन चलाती है. उसने बताया कि अक्सर बात-बात पर उसका पति मारपीट करता रहता है. महिला बताती है, कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर वह पिछले दो सालों से पति से बातचीत नहीं करती है. उसने बताया कि किसी भी बाहरी महिला से बातचीत करते अगर उसका पति देख लेता है तो आग-बबूला हो उठता है और ऐसी हरकतें करता है. फिलहाल घटना के बाद से महिला का पति फरार है.














