
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत भाटिया बस्ती स्थित चंडी बाबा मंदिर के आवास से नाबालिग बच्चे का शव फंदे से झूलता पाया गया. वहीं बच्चे के परिजन आत्महत्या से इनकार करते हुए चंडी बाबा के परिजनों पर युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा. जहां आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय बस्तीवासियों ने लगभग चार घण्टों तक मुख्य सड़क जाम कर दिया.

उधर पुलिस ने भारी दबाव के बीच चंडी बाबा के परिवार के एक सदस्य को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिसके बाद आक्रोशित बस्ती वासियों को समझा-बुझाकर शांत कराया. वही घंटों मशक्कत के बाद सड़क को खाली कराया गया. परिजनों ने बताया कि नाबालिग युवक को मंदिर की देखरेख करने और चंडी बाबा के परिजनों का सहयोग करने के लिए रखा गया था. पिछले कुछ दिनों से वह घर जाना चाहता था, लेकिन उसे घर जाने नहीं दिया जा रहा था. परिजनों ने चंडी बाबा के परिवार वालों पर युवक को प्रताड़ित किए जाने के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है.














